मुंबई

त्र्यंबकेश्वर मंदिर में सुरक्षाकर्मियों की गुंडागर्दी! श्रद्धालु को लात-घूंसों से पीटा, वीडियो वायरल

नासिक के प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग त्र्यंबकेश्वर मंदिर से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। होली और धुलिवंदन के त्योहार के साथ लंबी छुट्टियों के कारण मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इस भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान देवस्थान ट्रस्ट के सुरक्षा गार्डों का विचलित करने वाला चेहरा सामने आया है। […]

2 min read
Mar 02, 2026
Trimbakeshwar Jyotirling temple Devotee Assault
त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में हंगामा, भक्त की पिटाई

नासिक के प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग त्र्यंबकेश्वर मंदिर से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। होली और धुलिवंदन के त्योहार के साथ लंबी छुट्टियों के कारण मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इस भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान देवस्थान ट्रस्ट के सुरक्षा गार्डों का विचलित करने वाला चेहरा सामने आया है। दर्शन के लिए आए श्रद्धालु के साथ न केवल बदतमीजी की गई, बल्कि उसे बुरी तरह पीटा भी गया।

सरेआम लात-घूंसों से पीटा, फाड़े कपड़े

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ सुरक्षाकर्मी एक युवा श्रद्धालु को पीट रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गार्ड ने पीड़ित के कपड़े तक फाड़ दिए और उसे लात-घूंसों से बेदम कर दिया। मंदिर परिसर में मौजूद अन्य भक्तों ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। इस हिंसक व्यवहार के बाद मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं में गहरा रोष व्याप्त है और वे सुरक्षा गार्डों के व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं।

मामूली विवाद के बाद मारपीट

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह विवाद तब शुरू हुआ जब वह पीड़ित श्रद्धालु दर्शन की कतार में बैठकर जाप कर रहा था। भीड़ अधिक होने के कारण सुरक्षा गार्डों ने उसे आगे बढ़ने के लिए कहा, लेकिन वह अपनी जगह से उठने को तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते हाथापाई होने लगी। त्र्यंबकेश्वर पुलिस ने इस मामले का संज्ञान लिया है और घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

मंदिर प्रशासन पर उठे सवाल

त्र्यंबकेश्वर मंदिर में सुरक्षा गार्डों द्वारा मारपीट और विवाद की घटनाएं पहले भी हुई हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर संस्थान को अपने कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों को भीड़ नियंत्रण के लिए बेहतर और संवेदनशील बनाने के लिए ठोस कदम उठाना चाहिए। ताकि भगवान के द्वार पर भक्तों के साथ ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। अब देखना यह है कि पुलिस और मंदिर ट्रस्ट इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।   

Updated on:
02 Mar 2026 11:49 am
Published on:
02 Mar 2026 11:43 am