
Pooja Murder Case: महाराष्ट्र के नासिक में एक पति पर अपनी पत्नी की ओढ़नी से गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी पति आकाश जाधव अपनी पत्नी पूजा के चरित्र पर लंबे समय से शक करता था। इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस ने आरोपी आकाश को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पूजा और आकाश जाधव नासिक के पेठ रोड इलाके में आरटीओ कॉर्नर के पास स्थित कोमल सोसायटी में रहते थे। आकाश ऑटो रिक्शा चलाकर परिवार का गुजारा करता था। बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से वह अपनी पत्नी पूजा के चरित्र पर शक कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। आरोप है कि आकाश ने कई बार पूजा के साथ मारपीट भी की थी।
महाराष्ट्र टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 15 दिन पहले भी इसी मुद्दे पर दोनों के बीच विवाद हुआ था। विवाद से परेशान होकर पूजा ने कथित तौर पर आकाश को घर के अंदर बंद कर दिया था। हालांकि, इसके बाद भी दोनों के बीच विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ और आए दिन झगड़े होते रहे।
गुरुवार को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि आकाश ने पूजा से उसका मोबाइल मांगा, लेकिन पूजा ने मोबाइल देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में आकाश ने पूजा की ही ओढ़नी से उसका गला घोंट दिया। इस घटना में पूजा की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और म्हसरूळ पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा किया और मामले में आकाश जाधव के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे की परिस्थितियों और दंपती के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद की जांच कर रही है।
इसी बीच महाराष्ट्र से जुड़ी एक अन्य घटना में पुणे की एक महिला को दुबई में कथित तौर पर देह व्यापार के लिए बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। महिला को होटल में नौकरी और हर महीने करीब 1.25 लाख रुपये वेतन का लालच देकर दुबई ले जाया गया था।
जानकारी के मुताबिक, वहां उसे कथित तौर पर देह व्यापार के लिए मजबूर किया गया और बंधक बनाकर रखा गया। केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोळ के प्रयासों के बाद विदेश मंत्रालय, दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास और ‘आईपीएफ महाहेल्पलाइन’ की मदद से महिला को सुरक्षित भारत वापस लाया गया। मुरलीधर मोहोल ने इस मामले में महिलाओं को नौकरी का लालच देकर विदेश ले जाने और उनके शोषण की आशंका जताते हुए ऐसी किसी बड़ी अंतरराष्ट्रीय गिरोह की सक्रियता की संभावना भी व्यक्त की है।