मुंबई

नवी मुंबई में 5575 करोड़ की दो नई मेट्रो लाइनें मंजूर, एयरपोर्ट तक मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

Navi Mumbai Metro Project: महाराष्ट्र सरकार ने नवी मुंबई मेट्रो लाइन-1ए और लाइन-2 को मंजूरी दे दी है। 5,575 करोड़ रुपये की इस परियोजना से बेलापुर, पेंधर और नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

2 min read
Jun 23, 2026
Navi Mumbai Metro update
नवी मुंबई मेट्रो का बड़ा विस्तार, 2 नए रूटों को मिली मंजूरी (Photo: IANS/File)

Navi Mumbai New Metro Line: नवी मुंबई की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बूस्ट करने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार ने सोमवार को 5,575 करोड़ रुपये की लागत वाले नवी मुंबई मेट्रो के दो महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को अंतिम मंजूरी दे दी। इनमें बेलापुर से सागर संगम के बीच मेट्रो लाइन-1ए और पेंधर से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट टर्मिनल-4 के बीच मेट्रो लाइन-2 शामिल हैं।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना का क्रियान्वयन मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MMRCL) द्वारा किया जाएगा। सरकार ने परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं और अगले 15 दिनों में विस्तृत कार्य योजना प्रस्तुत करने को कहा है।

पूरे मुंबई महानगर क्षेत्र को जोड़ने वाला बनेगा अहम नेटवर्क

अधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 में नवी मुंबई और आसपास के क्षेत्रों की आबादी करीब 19.30 लाख थी, जो वर्ष 2061 तक बढ़कर 52.10 लाख होने का अनुमान है। इसी बढ़ती आबादी और भविष्य की परिवहन जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इन नई मेट्रो लाइनों की योजना तैयार की गई है।

यह परियोजना केवल नवी मुंबई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) की कनेक्टिविटी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।

17.9 km लंबा होगा मेट्रो नेटवर्क

नई स्वीकृत परियोजना की कुल लंबाई 17.9 किलोमीटर होगी। जिसमें मेट्रो लाइन-1ए बेलापुर से सागर संगम तक 3.02 किमी लंबी होगी। जबकि मेट्रो लाइन-2 पेंधर से नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा टर्मिनल-4 तक 14.7 किमी लंबी होगी।

इन दोनों मार्गों पर कुल 12 स्टेशन बनाए जाएंगे और सभी स्टेशन एलिवेटेड होंगे। परियोजना को चार वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

एयरपोर्ट और लोकल ट्रेन तक आसान पहुंच, जानें रूट

मेट्रो लाइन-1ए के विस्तार के बाद सागर संगम, सिडको एग्जीबिशन सेंटर और सीबीडी बेलापुर में इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं मेट्रो लाइन-2 पर तलोजा एमआईडीसी, कसाडी, कलंबोली, कामोठे और खांदेश्वर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को जोड़ा जाएगा।

खांदेश्वर स्टेशन पर लोकल ट्रेन रेलवे नेटवर्क और नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे यात्रियों को बड़ा लाभ होगा। इसके अलावा नई मेट्रो लाइनों के शुरू होने से नवी मुंबई के रिहायशी और औद्योगिक क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही यात्रियों का समय बचेगा और सड़क यातायात पर दबाव भी कम होगा।

Published on:
23 Jun 2026 12:26 pm