
Sharad Pawar NCP Merger: महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के विलय को लेकर चल रही चर्चाओं पर अब विराम लग गया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने स्पष्ट कर दिया है कि दोनों गुटों के विलय को लेकर न तो कोई बातचीत चल रही है और न ही इस दिशा में कोई विचार किया गया है। शरद गुट ने इन खबरों को महज अफवाह करार दिया है।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र की राजनीति में शरद पवार और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस के एक होने की अटकलें तेज थीं। खासकर के एनसीपी के महासचिव पार्थ पवार की शरद पवार से लगातार दो दिनों में दो मुलाकातों के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था। हालांकि, अब शरद पवार गुट ने इन अटकलों को खारिज कर दिया है।
एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के मुख्य प्रवक्ता उमेश पाटील ने कहा कि दोनों एनसीपी गुटों के विलय को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। इस विषय पर पार्टी में साधारण विचार-विमर्श तक नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा, "राष्ट्रवादी कांग्रेस के विलय को लेकर कोई चर्चा नहीं है। शरद पवार की तबीयत में सुधार हो रहा है। ऐसे समय में इस तरह की राजनीतिक गतिविधियों पर चर्चा करना भी असंवेदनशील है।"
उमेश पाटील ने आगे कहा कि दोनों गुटों के विलय से जुड़ी खबरें अफवाह हैं। कुछ लोग अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए ऐसी खबरें फैला रहे हैं। दोनों पार्टियों का विलय कैसे और क्यों होगा, इस पर भी कोई बातचीत नहीं हुई है।
NCP के विलय की अटकलें उस समय तेज हो गईं, जब पार्थ पवार ने दो दिनों में दो बार शरद पवार से मुलाकात की। जानकारी के मुताबिक, अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद शनिवार को पार्थ पवार शरद पवार के मुंबई स्थित आवास 'सिल्वर ओक' पहुंचे थे। दोनों के बीच करीब दो घंटे तक बातचीत हुई। इस दौरान जयंत पाटील भी मौजूद थे।
इसके बाद रविवार को भी पार्थ पवार सिल्वर ओक पहुंचे और करीब दो घंटे तक वहां रहे। लगातार हुई इन मुलाकातों को दोनों NCP गुटों के बीच संभावित सुलह और विलय की कोशिशों से जोड़कर देखा जाने लगा।
हालांकि, शरद पवार गुट ने साफ कर दिया है कि इन मुलाकातों का दोनों पार्टियों के विलय से कोई संबंध नहीं है।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भी एक कथित गुप्त बैठक होने की खबरें सामने आई थीं। सूत्रों के हवाले से दावा किया गया कि अस्पताल में पार्थ पवार, सुनेत्रा पवार और सुप्रिया सुले के बीच बैठक हुई थी।
हालांकि, इस कथित बैठक को लेकर अब तक किसी भी संबंधित नेता की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में इस बैठक और उसमें हुई बातचीत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
शरद पवार गुट के विधायक रोहित पवार ने भी दोनों गुटों के विलय को लेकर चल रही चर्चाओं पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इस विषय पर न तो कोई चर्चा हुई है और न ही पार्टी के भीतर इस दिशा में कोई विचार-विमर्श किया गया है।
इस बीच, एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह शरद पवार का हालचाल जानने के लिए उनसे दो बार मिले थे, न कि राजनीतिक चर्चा करने के लिए। पटेल कुछ दिन पहले ब्रीच कैंडी अस्पताल में शरद पवार से मिले थे। इसके बाद दोनों का एक वीडियो वायरल हो गया था।
फिलहाल, महाराष्ट्र की राजनीति में दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस गुटों के एक होने की अटकलों पर पार्टी नेताओं के बयानों से विराम लगता नजर आ रहा है। हालांकि, पार्थ पवार की शरद पवार से लगातार मुलाकातों के बाद राजनीतिक हलकों में इस मुद्दे पर चर्चाएं जारी हैं।