मुंबई

शरद पवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का डर! दूसरे गुट को सता रही चिंता, NCP के विलय में फंसा पेच

महाराष्ट्र में NCP के दोनों गुटों के विलय पर सस्पेंस बरकरार है। दोनों पक्षों की तरफ से आधिकारिक रूप से विलय की खबरों से इनकार किया जा रहा है, लेकिन पर्दे के पीछे कई सियासी गतिविधियां चल रही हैं।
3 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 9:24 AM IST
Sharad Sunetra Pawar NCP merger
सुनेत्रा पवार और शरद पवार (Photo: IANS/File)

महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के विलय को लेकर चर्चाएं तेज हैं। पिछले एक सप्ताह से इस मुद्दे पर राजनीतिक गलियारों में लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दो दिवसीय पुणे दौरे ने इन चर्चाओं को एक बार फिर हवा दे दी है। हालांकि, दोनों गुटों की ओर से विलय को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन अंदरखाने कई मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाने की चर्चा है। इनमें सबसे बड़ा सवाल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद और राजनीतिक नियंत्रण को लेकर बताया जा रहा है।

NCP विलय में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद बना सबसे बड़ा रोड़ा

राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि यदि शरद पवार और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुट एक साथ आते हैं, तो पार्टी की कमान किसके हाथ में होगी? यही सवाल विलय की राह में सबसे बड़ी चुनौती बन सकता है।

बताया जा रहा है कि यदि विलय के बाद पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष पद शरद पवार को मिलता है, तो दूसरे गुट के नेताओं का पार्टी पर राजनीतिक नियंत्रण कमजोर पड़ सकता है। ऐसे में विलय से पहले नेतृत्व और संगठनात्मक ढांचे को लेकर सहमति बनाना जरूरी माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का विवाद सुलझे बिना दोनों गुटों का एक होना मुश्किल हो सकता है।

सुनेत्रा पवार को NCP का विलय मंजूर नहीं?

इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम में महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार की भूमिका भी अहम मानी जा रही है। एबीपी माझा की रिपोर्ट के मुताबिक, विश्वसनीय सूत्रों ने दावा किया है कि सुनेत्रा पवार फिलहाल दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टियों के विलय के पक्ष में नहीं हैं।

सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि सुनेत्रा पवार ने महायुति के प्रमुख नेताओं तक अपनी बात पहुंचाई है। उनका मानना है कि दोनों गुटों के एक होने से भविष्य में उनके नेतृत्व वाले गुट के राजनीतिक अस्तित्व पर सवाल खड़े हो सकते हैं। इसलिए फिलहाल विलय को मंजूरी देने के पक्ष में नहीं हैं।

हालांकि, सूत्रों के मुताबिक, यदि शरद पवार के नेतृत्व वाला दूसरा गुट महायुति से अलग अपनी स्वतंत्र राजनीतिक पहचान के साथ एनडीए में शामिल होना चाहता है, तो सुनेत्रा पवार के गुट को इस पर आपत्ति नहीं होगी। इन दावों पर सुनेत्रा पवार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

अमित शाह के पुणे दौरे से बढ़ीं राजनीतिक हलचलें

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दो दिवसीय पुणे दौरा भी इस पूरे घटनाक्रम के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक चर्चाएं हैं कि इस दौरान महाराष्ट्र बीजेपी और राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेताओं के बीच दोनों गुटों के विलय को लेकर बातचीत हो सकती है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बारामती दौरा भी राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। कुछ राजनीतिक हलकों में उम्मीद जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री के दौरे से पहले दोनों गुटों के विलय को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकती है। हालांकि, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक कार्यक्रम या निर्णय सामने नहीं आया है।

सुप्रिया सुले और रोहित पवार ने विलय की चर्चा से किया इनकार

दूसरी ओर, शरद पवार गुट की सांसद सुप्रिया सुले और विधायक रोहित पवार पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि फिलहाल दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टियों के विलय का कोई प्रस्ताव नहीं है और न ही इस संबंध में कोई बातचीत चल रही है।

वहीं, सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री छगन भुजबल ने शुक्रवार को कहा कि दोनों गुटों के विलय को लेकर बातचीत अभी शुरुआती चरण में है। इस संबंध में कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी फैसले से पहले पार्टी नेतृत्व और सहयोगी दलों के साथ विचार-विमर्श करना जरूरी होगा।

क्या फिर एक होगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी?

महाराष्ट्र की राजनीति में दोनों राष्ट्रवादी गुटों के संभावित विलय को लेकर फिलहाल कई सवाल अनुत्तरित हैं। एक तरफ नेतृत्व और राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर मतभेद की चर्चा है, तो दूसरी तरफ महायुति में राजनीतिक संतुलन बनाए रखने की चुनौती भी है।

ऐसे में अमित शाह के पुणे दौरे, प्रधानमंत्री मोदी के प्रस्तावित बारामती दौरे और दोनों गुटों के नेताओं के अगले बयानों पर राजनीतिक नजरें टिकी रहेंगी। फिलहाल इतना तय है कि NCP के दोनों गुटों के एक होने की राह आसान नहीं दिख रही है।

Updated on:
14 Nov 2026, 9:24 AM IST
Published on: