
Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की राजनीति में लोकसभा सीटों के परिसीमन (Delimitation) को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के भीतर भी अलग-अलग राय सामने आने लगी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता जितेंद्र आव्हाड की बेटी नताशा आव्हाड ने परिसीमन का विरोध करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखी थी। उनकी इस पोस्ट को पार्टी के रुख से अलग माना जा रहा है। इसके बाद जितेंद्र आव्हाड ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्पष्ट किया कि उनकी बेटी की राय उनसे अलग है और उसे अपनी बात रखने की पूरी आजादी है। अब इस पूरे विवाद पर एनसीपी शरद गुट की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अगर जितेंद्र आव्हाड और उनकी बेटी के विचार अलग हैं, तो वह ऐसे विचारों का स्वागत करती हैं।
नताशा आव्हाड की पोस्ट को लेकर सवाल पूछे जाने पर बारामती से सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, "अगर जितेंद्र आव्हाड और उनकी बेटी के विचार अलग हैं, तो मैं ऐसे विचारों का स्वागत करती हूं।" उन्होंने परिवार और नई पीढ़ी के विचारों में अंतर को स्वाभाविक बताया। उन्होंने कहा कि विकास सिर्फ इमारतों से नहीं, बल्कि परिवारों से भी होता है। किसी परिवार में बेटी की राय अपने माता-पिता से अलग हो सकती है। नई पीढ़ी में ऐसा होना सामान्य बात है।
उन्होंने आगे कहा, "मैं पुराने संस्कारों वाली हूं। मेरे लिए मेरे माता-पिता और परिवार जो कहते हैं, वही अंतिम बात होती है। मैं अपने माता-पिता की बात के बाहर नहीं हूं।"
इससे पहले पूर्व मंत्री जितेंद्र आव्हाड ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नताशा का बचाव करते हुए कहा था कि नताशा उनकी इकलौती बेटी हैं और परिवार ने कभी उसकी स्वतंत्रता पर रोक नहीं लगाई। आव्हाड ने कहा, "नताशा मेरी इकलौती बेटी है। उसकी स्वतंत्रता पर हमने कभी अंकुश नहीं लगाया। उसे क्या बोलना है, यह उसका अपना फैसला है।"
उन्होंने आगे कहा, "मुझ पर और मेरे परिवार पर शरद पवार साहब के जो उपकार हैं, उनकी भरपाई वह जिंदगीभर नहीं कर सकते।" आव्हाड ने कहा, संभव है कि नताशा इस भावना को उसी तरह न समझती हो, लेकिन उसे अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है।
जितेंद्र आव्हाड ने यह भी कहा कि शरद पवार लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं और वह कभी किसी को अपनी राय व्यक्त करने से नहीं रोकेंगे। नताशा जो कुछ कह रही हैं, उसके पीछे उसकी अपनी सोच और अध्ययन है।
इस पूरे विवाद के बीच सुप्रिया सुले ने परिसीमन को लेकर अपनी पार्टी का रुख भी स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की भूमिका इस मुद्दे पर लगातार एक जैसी रही है। पार्टी महिला आरक्षण लागू करने की मांग पर कायम है। उन्होंने कहा, केंद्र सरकार ने 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने की शर्त को लेकर उन्हें, डीएमके, समाजवादी पार्टी, अरविंद सावंत और असदुद्दीन ओवैसी जैसे नेताओं को अलग-अलग बातचीत में जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ भी उनकी, अरविंद सावंत और असदुद्दीन ओवैसी की बातचीत हुई है।
सुप्रिया सुले ने कहा कि परिसीमन के साथ महिला आरक्षण की मांग भी पूरी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ लोकसभा क्षेत्रों में लोगों की संख्या 40 से 60 लाख तक पहुंच गई है। ऐसे में एक सांसद के लिए पांच करोड़ रुपये की निधि में इतने बड़े क्षेत्र के लोगों के विकास के लिए काम करना मुश्किल है।
सुप्रिया सुले ने कहा कि उनकी पार्टी परिसीमन के प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपना सकती है, लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें पूरी होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि सरकार लिखित आश्वासन दे कि परिसीमन के साथ महिला आरक्षण निश्चित रूप से लागू होगा। इसके अलावा देशभर में लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि किस मॉडल के आधार पर की जाएगी, इसकी स्पष्ट जानकारी भी दी जाए।
उन्होंने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक सभी राज्यों में सीटों की समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि का मॉडल स्पष्ट होना चाहिए। इन शर्तों के पूरा होने पर ही उनकी पार्टी समर्थन कर सकती है।
परिसीमन की प्रक्रिया पर भरोसा जताते हुए सुप्रिया सुले ने कहा कि इसके लिए एक निर्धारित फॉर्मूला होता है। परिसीमन इसी फॉर्मूले के आधार पर किया जाता है और इसमें मनमानी की संभावना नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी को सरकार पर भरोसा रखना चाहिए कि परिसीमन की प्रक्रिया निर्धारित नियमों और फॉर्मूले के अनुसार ही पूरी की जाएगी। पंडित जवाहरलाल नेहरू ने भी तीन बार परिसीमन कराया था, और इंदिरा गांधी ने भी परिसीमन कराया था।