16 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

NCP के विलय पर आ सकता है बड़ा ट्विस्ट, अमित शाह के साथ सुनेत्रा पवार की पुणे में बड़ी बैठक

Sunetra Pawar Union Minister Amit Shah meeting: NCP विलय की चर्चाओं के बीच पुणे में सियासी हलचल तेज है। उपमुख्यमंत्री व एनसीपी प्रमुख सुनेत्रा पवार की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अहम बैठक पुणे में चल रही है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Dinesh Dubey

•

Updated: 16 Nov 2026, 12:12 PM IST

Maharashtra Finance Ministry NCP BJP

सुनेत्रा पवार ने अमित शाह से की मुलाकात (Photo: IANS/File)

NCP Merger News: महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के विलय को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। भले ही दोनों गुटों की ओर से सार्वजनिक रूप से विलय की संभावना से इनकार किया जा रहा हो, लेकिन पर्दे के पीछे राजनीतिक बातचीत जारी होने की चर्चाएं हैं। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पुणे दौरे ने इन अटकलों को और हवा दे दी है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बाद अब उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार अमित शाह से मुलाकात करने के लिए पुणे के जेडब्ल्यू मैरियट (JW Marriott) होटल पहुंच रही हैं। इस मुलाकात को महाराष्ट्र की राजनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

जेडब्ल्यू मैरियट में अमित शाह और सुनेत्रा पवार की बैठक

ताजा जानकारी के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार अमित शाह से मिलने के लिए जेडब्ल्यू मैरियट होटल पहुंची हैं। इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं हैं। माना जा रहा है कि बैठक में महाराष्ट्र की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के साथ राष्ट्रवादी कांग्रेस के दोनों गुटों के संभावित विलय के मुद्दे पर भी बातचीत हो सकती है। हालांकि, बैठक का आधिकारिक एजेंडा सामने नहीं आया है।

रविवार रात फडणवीस ने भी अमित शाह से की थी मुलाकात

इससे पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार रात पुणे के सेनापति बापट रोड स्थित पांच सितारा होटल में अमित शाह से मुलाकात की थी। दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में चर्चा हुई। हालांकि, इस बैठक में किन मुद्दों पर बातचीत हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

फडणवीस और शाह की मुलाकात के बाद ही एनसीपी के दोनों गुटों के विलय को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। अब सुनेत्रा पवार के शाह से मिलने पहुंचने की खबर ने इन अटकलों को और बल दिया है।

पार्थ पवार भी बैठक में हो सकते हैं शामिल

राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि सुनेत्रा पवार के साथ उनके सांसद बेटे पार्थ पवार भी केंद्रीय गृह मंत्री के साथ होने वाली बैठक में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, उनकी मौजूदगी को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के भी सोमवार को पुणे आने की संभावना जताई जा रही है।

सुप्रिया सुले ने विलय की चर्चाओं पर लगाया था विराम

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुटों के विलय का मुद्दा पिछले कुछ समय से महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है। एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद विलय की चर्चाओं पर विराम लगाने की बात कही थी। वहीं, सुनेत्रा पवार खेमे की ओर से भी विलय का कोई प्रस्ताव नहीं होने की बात कही है।

इसके बावजूद अमित शाह के पुणे दौरे और सुनेत्रा पवार के साथ उनकी मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है।

परिसीमन विधेयक पर सुले के बयान से MVA में हलचल

इस पूरे घटनाक्रम के बीच एनसीपी शरद गुट की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले का लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर दिया गया बयान भी चर्चा में है। उन्होंने संकेत दिया था कि यदि सभी राज्यों में लोकसभा सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत की वृद्धि की जाती है, तो उनकी पार्टी परिसीमन विधेयक का समर्थन करने पर विचार कर सकती है।

सुप्रिया सुले के इस रुख से विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी (MVA) के भीतर भी राजनीतिक असमंजस की स्थिति बनने की चर्चा है।

फिलहाल पुणे में अमित शाह के साथ सुनेत्रा पवार की मुलाकात पर सभी की नजरें टिकी हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ शाह की पिछली मुलाकात और अब सुनेत्रा पवार के पहुंचने से महाराष्ट्र की राजनीति में नए समीकरणों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि इस बैठक से एनसीपी के दोनों गुटों के विलय को लेकर कोई ठोस संकेत मिलता है या नहीं।