
NCP Rohit Pawar: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने अपने विधायक रोहित पवार की प्रस्तावित ‘न्याय अधिकार ट्रैक्टर मार्च’ को लेकर अपने रुख पर पुनर्विचार करने का फैसला किया है। पार्टी पदाधिकारियों को इस आंदोलन से दूर रहने का निर्देश देने के बाद अब शीर्ष नेतृत्व ने 26 नवंबर को मुंबई में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। इस बैठक में विदर्भ क्षेत्र में सूखे के प्रभाव और इस आंदोलन को पार्टी का समर्थन देने या न देने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच खबरें सामने आई थीं कि रोहित पवार ने नागपुर दौरे के दौरान विदर्भ के कुछ पार्टी पदाधिकारियों के साथ गोपनीय बैठक की थी। रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी दूर करने और 4 दिसंबर से प्रस्तावित मोर्चे को समर्थन देने के लिए नेतृत्व को मनाने की रणनीति पर चर्चा हुई।
हालांकि, एनसीपी (शरद गुट) की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने ऐसी किसी गुप्त बैठक की खबरों को खारिज कर दिया। उन्होंने पत्रकारों के सवाल पर कहा, "रोहित पवार और गुप्त बैठक, इसका क्या मतलब है? रोहित पवार कल नागपुर गए थे। उनकी लाइव लोकेशन सर्च कर लीजिए। गुप्त बैठक जैसी बातें हास्यास्पद हैं।"
पार्टी के भीतर एक वर्ग रोहित पवार की राजनीतिक कार्यशैली से खुश नहीं बताया जा रहा है। कुछ नेताओं का मानना है कि रोहित अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं और इस दौरान वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के अधिकार को चुनौती दे रहे हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, रोहित पवार ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले और प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे समेत वरिष्ठ नेताओं से चर्चा किए बिना ही ट्रैक्टर मार्च की घोषणा कर दी थी। इसके अलावा, रोहित ने यह भी ऐलान किया था कि वह किसानों के मुद्दों का राजनीतिकरण रोकने के लिए आंदोलन में पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न का उपयोग नहीं करेंगे। पार्टी के एक वर्ग का मानना है कि रोहित इस तरह की एकतरफा घोषणाओं के जरिए वरिष्ठ नेताओं के अधिकार को कमतर दिखाने और अपनी स्वतंत्र राजनीतिक पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
इस बीच, अब 26 नवंबर को मुंबई में होने वाली बैठक बेहद अहम मानी जा रही है। इस बैठक से साफ होगा कि एनसीपी (एसपी) रोहित पवार के किसान आंदोलन के साथ खड़ी होती है या पार्टी के भीतर यह राजनीतिक मतभेद और गहराते हैं। कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई पहले ही इस आंदोलन के समर्थन का ऐलान कर चुकी है।