मुंबई

सुप्रिया सुले को केंद्र में मिलेगा मंत्रिपद? शरद गुट की NDA में एंट्री पर शिवसेना सांसद का बड़ा बयान

Maharashtra Politics: उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना के सांसद नरेश म्हस्के ने कहा कि एनसीपी (एसपी) की सांसद सुप्रिया सुले भाजपा नीत सत्तारूढ़ गठबंधन एनडीए में शामिल होकर केंद्रीय मंत्री बनती हैं तो उन्हें खुशी होगी। उनके बयान से शरद पवार गुट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 5:37 PM IST
Supriya Sule on Delimitation Bill
एनसीपी सांसद सुनेत्रा पवार (Photo: IANS/File)

Sharad Pawar NCP: महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के सत्तारूढ़ एनडीए में शामिल होने की संभावनाओं को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) सांसद नरेश म्हस्के ने एनसीपी शरद गुट की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर बारामती से सांसद सुप्रिया सुले एनडीए में शामिल होकर केंद्र सरकार में मंत्री बनती हैं, तो उन्हें खुशी होगी। म्हस्के ने कहा कि सुप्रिया सुले उनकी बड़ी बहन जैसी हैं और सरकार में शामिल होने पर उनका स्वागत किया जाएगा।

शिवसेना नेता नरेश म्हस्के का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब महाराष्ट्र में दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस गुटों के विलय का मुद्दा फिलहाल ठंडे बस्ते में जाता दिखाई दे रहा है। हालांकि, शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एसपी) ने भविष्य में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के परिसीमन (Delimitation) विधेयक को समर्थन देने का संकेत दिया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या आने वाले समय में शरद पवार की पार्टी भाजपा नीत एनडीए का हिस्सा बन सकती है?

सुप्रिया सुले मंत्री बनीं तो खुशी होगी- नरेश म्हस्के

शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के आज ठाणे जिले के दौरे पर थे। इस दौरान उनसे सुप्रिया सुले और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के एनडीए में शामिल होने की संभावनाओं को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा, "अगर सुप्रिया सुले एनडीए में आकर मंत्री बनती हैं, तो उन्हें खुशी ही होगी। सुप्रिया सुले हमारी 'ताई' (बड़ी बहन) हैं। अगर वे सरकार में शामिल होती हैं, तो हम उनका स्वागत करेंगे।"

उनके इस बयान को महाराष्ट्र की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों के बीच अहम माना जा रहा है।

परिसीमन विधेयक पर संजय राउत के आरोपों का भी दिया जवाब

इस दौरान नरेश म्हस्के ने शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के सांसद संजय राउत के उस आरोप पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि परिसीमन विधेयक को समर्थन दिलाने के लिए सांसदों को 150 करोड़ रुपये का ऑफर दिया जा रहा है।

शिंदे गुट के नेता ने संजय राउत के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राउत को पता है कि परिसीमन विधेयक पारित होने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राउत केवल विरोध के लिए विरोध कर रहे हैं। विपक्षी दलों के सांसद भी इस विधेयक का समर्थन करने वाले हैं, इसलिए संजय राउत सांसदों की आलोचना कर रहे हैं और इस तरह के बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।

सुप्रिया सुले ने कहा था- विलय की बात से थक चुकी हूं

हालांकि, एनसीपी (शरद पवार) की ओर से एनडीए में शामिल होने की खबरों का पहले ही खंडन किया जा चुका है। पिछले हफ्ते सुप्रिया सुले ने कहा था कि अजित पवार के निधन के बाद उनकी ओर से विलय की चर्चाओं पर विराम लग चुका है। पत्रकारों से उन्होंने कहा था, दिवंगत नेता अजित पवार के साथ दोनों गुटों के विलय की तारीख तय हुई थी, लेकिन उनके निधन के बाद हमारे लिए यह मुद्दा खत्म हो गया। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा था कि वह एनसीपी के विलय की अटकलों पर जवाब देते-देते थक चुकी हैं। उन्होंने पत्रकारों से इस बारे में आगे से सवाल नहीं करने की अपील भी की थी। इस बीच अब शिवसेना नेता नरेश म्हस्के के ताजा बयान ने महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है।

Updated on:
22 Nov 2026, 5:37 PM IST
Published on: