मुंबई

नीट परीक्षा के लिए मुंबई से चलेगी 4 स्पेशल ट्रेनें, संडे जम्बो ब्लॉक भी नहीं होगा

NEET 2026 Exam Special Trains: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पश्चिम रेलवे (Western Railway) ने बड़ा फैसला लिया है।

2 min read
Jun 19, 2026
Mumbai Western Railway NEET Special Trains
नीट परीक्षा के लिए मुंबई से चलेगी 4 स्पेशल ट्रेनें, 21 जून को नहीं होगा जंबो ब्लॉक (Patrika Photo)

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2026 में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों के लिए पश्चिम रेलवे ने बड़ी राहत की घोषणा की है। परीक्षा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष किराये पर दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इसके अलावा, 21 जून को पश्चिम रेलवे के उपनगरीय खंड पर जंबो ब्लॉक भी नहीं लिया जाएगा, ताकि परीक्षार्थियों को लोकल ट्रेन से यात्रा करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने बताया कि इन विशेष ट्रेनों का संचालन नीट परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों और अन्य यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है।

बांद्रा टर्मिनस-डॉ अंबेडकर नगर स्पेशल ट्रेन

ट्रेन संख्या 09351 बांद्रा टर्मिनस-डॉ अंबेडकर नगर स्पेशल 20 जून (शनिवार) को शाम 6:20 बजे बांद्रा टर्मिनस से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:30 बजे डॉ. अंबेडकर नगर पहुंचेगी।

वहीं, 09352 डॉ अंबेडकर नगर-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल 19 जून को रात 11 बजे डॉ. अंबेडकर नगर से प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 3:40 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।

यह ट्रेन बोरीवली, पालघर, वापी, वलसाड, बिलीमोरा, नवसारी, सूरत, अंकलेश्वर, भरूच, छायापुरी, गोधरा, दाहोद, रतलाम, उज्जैन और इंदौर समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन में स्लीपर और सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे।

बांद्रा टर्मिनस-मणिनगर स्पेशल ट्रेन भी चलेगी

रेलवे ने 09471/09472 बांद्रा टर्मिनस-मणिनगर स्पेशल ट्रेन चलाने की भी घोषणा की है।

09471 बांद्रा टर्मिनस-मणिनगर स्पेशल 20 जून को रात 9:15 बजे बांद्रा टर्मिनस से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6 बजे मणिनगर पहुंचेगी।

वहीं 09472 मणिनगर-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल 20 जून को सुबह 8:30 बजे मणिनगर से रवाना होकर शाम 6:15 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।

यह ट्रेन बोरीवली, पालघर, वापी, वलसाड, नवसारी, सूरत, भरूच, विश्वामित्री और आनंद स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी। इस ट्रेन में भी स्लीपर और सामान्य श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे।

21 जून को नहीं होगा जंबो ब्लॉक

नीट परीक्षा को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने एक और महत्वपूर्ण फैसला लिया है। आमतौर पर रविवार को रखरखाव कार्यों के लिए लिया जाने वाला जंबो ब्लॉक इस बार नहीं लिया जाएगा।

रेलवे के अनुसार, 21 जून को पश्चिम रेलवे की सभी उपनगरीय लोकल ट्रेनें वर्किंग डे की समय सारणी के अनुसार संचालित होंगी, जिससे परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में आसानी होगी। हालांकि, वातानुकूलित (एसी) लोकल सेवाएं रविवार की नियमित समय सारणी के अनुसार ही चलती रहेंगी।

अभ्यर्थियों को मिलेगी बड़ी राहत

हर साल NEET परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में छात्र विभिन्न शहरों में स्थित परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए रेल यात्रा का सहारा लेते हैं। ऐसे में स्पेशल ट्रेनों के संचालन और जंबो ब्लॉक रद्द किए जाने के फैसले से मुंबई और पश्चिम रेलवे के रूट पर यात्रा करने वाले हजारों अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Published on:
19 Jun 2026 05:49 pm