मुंबई

महाराष्ट्र: शादी समारोह में नाबालिग ने खेला खूनी खेल, बाप-बेटे की दर्दनाक मौत

Maharashtra Double Murder: पुलिस की प्राथमिक जांच में इस जघन्य अपराध के पीछे संपत्ति का विवाद निकलकर सामने आया है। बताया जा रहा है कि परिवार में पिछले काफी समय से जायदाद को लेकर झगड़ा चल रहा था।

2 min read
Apr 06, 2026
वर्धा में शादी की खुशियां मातम में बदली, पिता-पुत्र की मौत (AI Image)

महाराष्ट्र के वर्धा जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां शादी समारोह के दौरान ही खून-खराबा हो गया। खुशियों से भरी बारात अचानक मातम में बदल गई, जब एक नाबालिग लड़के ने अपने ही चाचा और चचेरे भाई पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

ये भी पढ़ें

अथर्व हत्याकांड से कांपा नागपुर, हनुमान जयंती की शोभायात्रा से हुआ था गायब, शरीर पर बर्बरता के निशान

पुराने विवाद से शुरू हुआ झगड़ा

मिली जानकारी के अनुसार, बरबडी गांव में भलमे परिवार की बारात रविवार शाम में पूरे उत्साह के साथ निकली थी, बैंड-बाजा और नाच-गाने के बीच सभी आगे बढ़ रहे थे। जैसे ही बारात हनुमान मंदिर के पास पहुंची, तभी आरोपी भतीजे ने घात लगाकर हमला कर दिया।

देखते ही देखते नाबालिग भतीजे ने अपने चाचा प्रभाकर भलमे और उनके बेटे रितेश भलमे पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुए इस हमले से वरात में भगदड़ मच गई।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम

घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को लहूलुहान हालत में सेवाग्राम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और खुशियों का माहौल पलभर में शोक में बदल गया।

संपत्ति विवाद बना हत्या की वजह

इस दोहरे हत्याकांड से पूरे जिले में सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भलमे परिवार में पिछले कुछ समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। करीब आठ महीने पहले भी इसी मुद्दे पर झगड़ा हुआ था, जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।

ऑनलाइन मंगाया चाकू, पहले से रची थी साजिश

बताया जा रहा है कि नाबालिग आरोपी पहले से ही हत्या की योजना बना रहा था और उसने ऑनलाइन चाकू भी मंगवाया था। शादी समारोह में उसने मौके का फायदा उठाते हुए इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने इस मामले में आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है। यह घटना एक बार फिर पारिवारिक विवादों के खतरनाक अंजाम को उजागर करती है, जहां रिश्तों की कड़वाहट ने दो जिंदगियां छीन लीं और एक परिवार को हमेशा के लिए तोड़ दिया।

ये भी पढ़ें

नवी मुंबई का ‘अशोक खरात’! मां-बेटी को फार्महाउस पर ले जाकर किया रेप, बोला- सारे कष्ट हो जाएंगे दूर

Updated on:
06 Apr 2026 08:36 am
Published on:
06 Apr 2026 08:33 am
Also Read
View All

अगली खबर