
omg 2 paresh rawal साल 2023 में रिलीज हुई फिल्म 'ओएमजी 2' एक बार फिर चर्चा में है। इस बार इसकी वजह दिग्गज अभिनेता परेश रावल का एक बड़ा खुलासा है, जिसने फिल्म इंडस्ट्री में नई बहस छेड़ दी है। परेश रावल का दावा है कि 'ओएमजी 2' की मूल कहानी और इसका कॉन्सेप्ट उनका था, जिसे उन्होंने निर्देशक अमित राय के साथ मिलकर विकसित किया था।
उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि उन्हें न तो कहानी का क्रेडिट दिया गया और न ही फिल्म के कॉन्सेप्ट में कहीं उनका नाम शामिल किया गया। परेश रावल का यह भी आरोप है कि अभिनेता अक्षय कुमार के इस प्रोजेक्ट से जुड़ने के बाद फिल्म की पूरी कहानी बदल दी गई, जिसके चलते उन्होंने खुद इस फिल्म से दूरी बना ली। गौरतलब है कि 'ओएमजी 2' अपनी संवेदनशील कहानी और सेंसर बोर्ड के साथ हुए विवादों के कारण भी काफी चर्चा में रही थी।
विक्की लालवानी के यूट्यूब चैनल को दिए एक इंटरव्यू में परेश रावल ने अपनी मूल कहानी का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उनकी ओरिजिनल स्क्रिप्ट पूरी तरह एक पिता और बेटे के रिश्ते पर आधारित ड्रामा थी। इसमें सेक्स एजुकेशन, सामाजिक बदनामी और अपने बेटे को इंसाफ दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे एक लाचार पिता की कहानी दिखाई जानी थी।
परेश रावल के मुताबिक, उनकी कहानी में भगवान या किसी अन्य दिव्य शक्ति का कोई किरदार नहीं था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने इसे कभी 'ओएमजी' (Oh My God) का सीधा सीक्वल नहीं माना था। उनकी मूल कहानी एक ऐसे स्कूली लड़के के इर्द-गिर्द घूमती थी, जिसका निजी वीडियो रिकॉर्ड कर वायरल कर दिया जाता है। इसके बाद समाज उसका बहिष्कार कर देता है और उसका पिता समाज द्वारा थोपी गई इस शर्मिंदगी के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ता है। यही उनकी मूल कहानी थी।
परेश रावल ने आगे बताया कि जब फिल्म की स्क्रिप्ट पूरी तरह बदल गई, तब अक्षय कुमार ने खुद उनसे फिल्म में काम करने का आग्रह किया था। हालांकि, उन्होंने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया क्योंकि वह फिल्म अब उनकी कल्पना वाली कहानी नहीं रह गई थी।
उन्होंने अक्षय कुमार के साथ हुई बातचीत को याद करते हुए कहा, "मैंने अक्षय से कहा कि नहीं, यह वह फिल्म नहीं है जिसकी मैंने कल्पना की थी। मेरी कहानी में भगवान का कोई रोल ही नहीं था। अक्षय ने मुझे काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन मैं इस स्क्रिप्ट के साथ शुरुआत से जुड़ा हुआ था। मुझे पता था कि इसे कैसा होना चाहिए था, इसलिए मैंने सम्मानपूर्वक खुद को इस फिल्म से अलग कर लिया।" आखिरकार, फिल्म में परेश रावल की जगह पंकज त्रिपाठी ने पिता का किरदार निभाया, जबकि अक्षय कुमार भगवान शिव के दूत के रूप में नजर आए।