मुंबई

रेल यात्रियों को बड़ी सौगात! प्रयागराज-दादर स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़े, मुंबई से आजमगढ़ के बीच चलेगी नई ट्रेन

New Train: रेलवे ने प्रयागराज-दादर स्पेशल ट्रेन के फेरों की अवधि बढ़ा दी है। साथ ही बांद्रा टर्मिनस और आजमगढ़ के बीच नई स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। जानें समय, रूट और बुकिंग की पूरी जानकारी।
2 min read
Jul 21, 2026
Indian Railways Special Train News
रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत (पत्रिका फाइल फोटो)

Indian Railways News: भारतीय रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ और यात्रा की मांग को देखते हुए दो बड़ी घोषणाएं की हैं। एक ओर प्रयागराज-दादर स्पेशल ट्रेन के फेरों की अवधि बढ़ा दी गई है, वहीं दूसरी ओर बांद्रा टर्मिनस और आजमगढ़ के बीच विशेष किराये पर नई स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया गया है। रेलवे के इस कदम से महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और मध्य भारत के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी।

रेलवे के अनुसार, 04139 प्रयागराज-दादर का संचालन अब 28 अगस्त 2026 तक जारी रहेगा, जबकि गाड़ी संख्या 04140 दादर-प्रयागराज 30 अगस्त 2026 तक चलेगी। यात्रियों की लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए इन ट्रेनों के फेरों का विस्तार किया गया है, ताकि यात्रियों को सीटें उपलब्ध हो सकें।

इससे पहले रेलवे ने लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) और रक्सौल के बीच चल रही स्पेशल ट्रेन के फेरों का विस्तार करने का निर्णय लिया। इसके तहत 05558 एलटीटी-रक्सौल साप्ताहिक स्पेशल अब 30 जुलाई तक चलेगी। 05557 रक्सौल-एलटीटी 28 जुलाई तक यात्रियों की सेवा में रहेगी।

मुंबई-आजमगढ़ के बीच नई स्पेशल ट्रेन

इसी बीच, पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए बांद्रा टर्मिनस और आजमगढ़ के बीच विशेष किराये पर एक स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन 20 जुलाई से 28 सितंबर 2026 तक चलेगी। वहीं, वापसी में यह ट्रेन 26 सितंबर 2026 तक संचालित की जाएगी।

रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 05184 प्रत्येक सोमवार को रात 10:45 बजे बांद्रा टर्मिनस से रवाना होकर बुधवार को रात 12:25 बजे आजमगढ़ पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 05183 हर शनिवार को रात 10:30 बजे आजमगढ़ से रवाना होकर रविवार को सुबह 8:10 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।

यह स्पेशल ट्रेन बोरीवली, सूरत, वडोदरा, रतलाम, नागदा, कोटा, बयाना, इंदौर, आगरा, टूंडला, गोविंदपुरी, प्रयागराज और रामबाग समेत सभी प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन में यात्रियों के लिए एसी 3-टियर (इकोनॉमी), स्लीपर क्लास और द्वितीय श्रेणी के सामान्य कोच उपलब्ध रहेंगे। इस स्पेशल ट्रेन के टिकटों की बुकिंग शुरू हो चुकी है।

Updated on:
21 Jul 2026 04:14 pm
Published on:
21 Jul 2026 03:31 pm