मुंबई

मुंबई महानगर में प्री-मानसून की दस्तक, अगले 3 घंटों में गरज-चमक के साथ तूफानी बारिश का अलर्ट

Mumbai Pre-monsoon Rain: मौसम विभाग ने आज मुंबई ही नहीं, बल्कि पूरे कोंकण क्षेत्र और मध्य महाराष्ट्र के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।

2 min read
Apr 21, 2026
मुंबई महानगर में प्री-मानसून बारिश की दस्तक, IMD ने जारी किया अलर्ट (Photo: IANS/File)

मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में चिलचिलाती गर्मी और उमस झेल रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में प्री-मानसून बारिश का पहला दौर शुरू हो चुका है। पूरे एमएमएम रीजन में आसमान में बादलों की आवाजाही तेज हो गई है। नवी मुंबई, बदलापुर, पनवेल सहित कई इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं और बारिश हो रही है। इस बीच, अगले 3 घंटों में मुंबई, मुंबई उपनगर, पालघर, रायगढ़ और ठाणे के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, गरज और बिजली के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।

ये भी पढ़ें

Rain Alert: महाराष्ट्र में 22 अप्रैल तक प्री-मॉनसून बारिश, इन जिलों के लिए IMD का अलर्ट

कब और कहां होगी बारिश?

मौसम विभाग (IMD Mumbai) की नाउकास्ट चेतावनी के अनुसार, अगले तीन घंटों के भीतर सुबह 10 बजे तक मुंबई, मुंबई उपनगर, पालघर, रायगड और ठाणे के विभिन्न हिस्सों में मौसम में अचानक बदलाव आने की प्रबल संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान आसमान में बिजली कड़कने के साथ-साथ तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है, जिससे तापमान में गिरावट आने और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) के दक्षिण की ओर बढ़ने के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके प्रभाव से घाटों के ऊपर बनने वाले बादल तट की ओर बढ़ेंगे, जिससे मुंबई और आसपास के इलाकों में प्री-मानसून बारिश होगी।

मौसम विभाग के मुताबिक, मुंबई, ठाणे, पालघर जिले में आज से अगले दो दिनों तक हल्की बारिश की शुरुआत हो सकती है। वहीं नवी मुंबई सहित रायगढ़ जिले के लिए बुधवार तक येलो अलर्ट जारी किया गया है।

स्थानीय निवासियों से सावधानी की अपील

मुंबई में अप्रैल में होने वाली बारिश को मानसून के आगमन की तैयारी का पहला चरण माना जाता है। जबकि इसकी तीव्रता मई में और बढ़ जाता है। आमतौर पर 11 जून को मुंबई में मानसून की एंट्री होती है।

तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से पालघर और ठाणे जैसे इलाकों में, जहां हवा की गति अधिक हो सकती है, लोगों को खुले मैदानों या पेड़ों के नीचे रुकने से बचना चाहिए। वाहन चालकों को भी गीली सड़कों और कम दृश्यता के कारण सावधानी बरतने की आवश्यकता है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

इस साल कैसा रहेगा मानसून?

एक तरफ जहां प्री-मानसून की बारिश राहत लेकर आ रही है, वहीं आईएमडी का इस साल का मानसून पूर्वानुमान थोड़ा चिंताजनक है। मौसम विभाग के अनुसार, लगातार सात वर्षों की अच्छी बारिश के बाद इस साल मानसून सामान्य से कम रह सकता है। देशभर में औसत की तुलना में केवल 92% बारिश होने का अनुमान है।

ये भी पढ़ें

Pre-Monsoon Rain Alert: मुंबई और एमएमआर में प्री-मानसून बारिश की दस्तक जल्द, IMD ने दी बड़ी अपडेट
Updated on:
21 Apr 2026 08:40 am
Published on:
21 Apr 2026 08:35 am
Also Read
View All