
Maharashtra crime: महाराष्ट्र के पुणे में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। हिंजवडी आईटी पार्क में काम करने वाले एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी 27 वर्षीय गर्लफ्रेंड की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी शुभम कालबांडे (30) इंफोसिस में काम करता था, जबकि मृतका कोमल डहाके (27) भी प्रतिष्ठित आईटी कंपनी विप्रो में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और शादी की भी बातचीत चल रही थी। लेकिन दूसरी लड़कियों से बातचीत और अफेयर के शक को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
आरोप है कि सोमवार देर रात हुए विवाद के दौरान शुभम ने कोमल की हत्या कर दी। हैरान करने वाली बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी पूरी रात कोमल के शव के पास बैठा रहा। मंगलवार सुबह उसने खुद फोन कर पुलिस को हत्या की जानकारी दी। हिंजवडी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुणे की जिला एवं सत्र अदालत ने उसे 27 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, शुभम और कोमल पिछले तीन साल से अधिक समय से रिलेशनशिप में थे। दोनों की मुलाकात के बाद प्रेम संबंध शुरू हुए थे और वे शादी भी करना चाहते थे। आरोपी ने पूछताछ में दावा किया कि कोमल को शक था कि उसका दूसरी लड़कियों के साथ भी अफेयर चल रहा है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। घटना वाली रात भी इसी मुद्दे पर दोनों के बीच जोरदार विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि विवाद के बाद उसने कोमल की हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस उसके दावों की जांच कर रही है।
यह वारदात सोमवार रात करीब एक बजे पुणे के हिंजवडी इलाके में साखरेवस्ती स्थित एक पीजी में हुई। कोमल यहां पेइंग गेस्ट के रूप में रहती थी। आरोप है कि विवाद के दौरान शुभम ने कोमल को बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह पूरी रात शव के पास बैठा रहा। मंगलवार सुबह उसने खुद इमरजेंसी नंबर 112 नंबर पर फोन करके पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। मंगलवार को कोमल के शव का पोस्टमार्टम कराया गया और साहव को परिजनों को सौंप दिया गया।
इस मामले में कोमल के परिवार ने कई गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों का दावा है कि उन्होंने हत्या की घटना के बाद पहली बार शुभम का नाम सुना था। उन्हें कोमल और शुभम के प्रेम संबंध या शादी की योजना के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। जबकि आरोपी ने पूछताछ में दावा किया कि कोमल का परिवार उनके रिश्ते के बारे में जनता था।
परिवार ने यह भी सवाल उठाया है कि महिलाओं के लिए बने पीजी में रात करीब एक बजे किसी पुरुष को प्रवेश कैसे दिया गया? पीजी में 100 से अधिक लड़कियां रहती हैं, इसके बावजूद किसी को कोमल की चीख सुनाई क्यों नहीं दी? कोमल के रिश्तेदार अक्षय ने पीजी संचालक की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
कोमल के परिवार ने आरोप लगाया है कि मामले में पीजी मालिक की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। उनका सवाल है कि अब तक पीजी मालिक के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
परिजनों का कहना है कि यदि पीजी में सुरक्षा व्यवस्था और प्रवेश नियमों का ठीक से पालन किया गया होता, तो ऐसी घटना को रोका जा सकता था। उन्होंने मांग की है कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिले। परिवार ने आरोपी के लिए फांसी की सजा की मांग भी की है।
हिंजवडी पुलिस के सहायक पुलिस निरीक्षक संदीप वांगेनकर के मुताबिक, पुलिस ने कोमल के पिता को जांच की प्रगति के बारे में जानकारी दी है।
पुलिस निरीक्षक सिद्धराम म्हेत्रे ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि वह और कोमल तीन साल से अधिक समय से रिश्ते में थे और दोनों के परिवारों को भी इसकी जानकारी थी। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की पूरी वजह, पीजी में आरोपी के प्रवेश, CCTV फुटेज और पीजी की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।