मुंबई

शादी में 45 लाख खर्च, 10 तोला सोना दिया, फिर मांगी 5 लाख की कार! ‘दहेज’ के कारण इंजीनियर वैष्णवी ने गंवाई जान

Pune IT Engineer Death: महाराष्ट्र के पुणे शहर में शादी के चार महीने बाद 24 वर्षीय आईटी इंजीनियर वैष्णवी गिसरे की मौत हो गई। पिता की शिकायत पर पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और बीएनएस की अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
2 min read
• •
Updated: 28 Sep 2026, 4:25 PM IST
Dowry Harassment Case Pune
मृतका वैष्णवी की तस्वीर (Photo: X/IANS)

Pune Vaishnavi Case: महाराष्ट्र के पुणे शहर के वडाचीवाड़ी इलाके में शादी के महज चार महीने बाद एक 24 वर्षीय नवविवाहिता की मौत से हड़कंप मच गया। वृंदावन सोसायटी में रहने वाली उच्चशिक्षित आईटी इंजीनियर वैष्णवी ओंकार गिसरे का शव गुरुवार रात अपने कमरे में मिला। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

मृतका की पहचान वैष्णवी ओंकार गिसरे (24) के रूप में हुई है। वह पुणे के वडाचीवाड़ी स्थित वृंदावन सोसायटी में अपने ससुराल वालों के साथ रहती थी। घटना के बाद उसके पिता प्रवीण रघुनाथ जरांडे (51) ने कालेपडल पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

बताया जा रहा है कि शादी के बाद वैष्णवी अपने पति और ससुराल वालों के साथ रहती थी। बाद में वह नौकरी के सिलसिले में बेंगलुरु चली गई थी। जून के अंत में पुणे लौटने के बाद वह अपने ससुराल में रहते हुए एक आईटी कंपनी में काम कर रही थी।

शादी में 45 लाख रुपये खर्च करने का दावा

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वैष्णवी की शादी 9 मई 2026 को ओंकार संजय गिसरे (28) के साथ हुई थी। शादी के दौरान मायके वालों ने करीब 45 लाख रुपये खर्च किए थे और 10 तोला सोना भी उपहार के तौर पर दिया था।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शादी के कुछ समय बाद ही वैष्णवी पर कार खरीदने के लिए मायके से 5 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जाने लगा। इसी मांग को लेकर उसके साथ कथित तौर पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना की जाती थी। जिस वजह से वह बेहद तनाव में थी।

मां से की थी आखिरी बार फोन पर बात

शिकायत के अनुसार, वैष्णवी ने 24 सितंबर की रात अपनी मां को फोन किया और उन्हें ससुराल में हो रही कथित प्रताड़ना के बारे में बताया। उसी रात करीब 11:30 बजे उसके पति ने भी फोन कर वैष्णवी के मायके वालों से बात की थी। इसके बाद जब परिवार के लोगों का वैष्णवी से संपर्क नहीं हो पाया, तो उसके माता-पिता ससुराल गए। जहां पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि वैष्णवी की मौत हो गई है।

पति, सास और ससुर के खिलाफ FIR

वैष्णवी के पिता की शिकायत के आधार पर कालेपडल थाने ने उसके पति ओंकार संजय गिसरे, ससुर संजय महादेव गिसरे (49) और सास रुपाली संजय गिसरे (42) के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

वैष्णवी के परिवार का आरोप है कि ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना और पैसों की मांग से वैष्णवी काफी परेशान थी। गुरुवार रात उसने अपने घर पर कथित तौर पर जीवन लीला समाप्त कर ली।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस मृतका के परिवार के आरोपों, ससुराल पक्ष की भूमिका और कथित दहेज मांग से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच के दौरान परिवार के सदस्यों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे। सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

Updated on:
28 Sep 2026, 4:25 PM IST
Published on:
Also Read
View All
Tukaram Mundhe: मुख्यमंत्री बनने की इच्छा पर तुकाराम मुंढे का दो टूक जवाब, बोले- विश लिस्ट में नहीं, हकीकत में जीता हूं

‘आजकल प्रपोज करना बड़ी बात है’, दिलजीत दोसांझ ने हजारों लोगों के सामने कपल का बनाया खास पल, वीडियो वायरल

Maharashtra News: महाराष्ट्र में सोमवार को ऑटो रिक्शा चालकों की हड़ताल, मुंबई-पुणे समेत कई बड़े शहरों में थम सकते हैं पहिए

‘नकारात्मकता पर ज्यादा ध्यान देता है विपक्ष’, गिरिराज सिंह का हमला; PM मोदी के 2047 के आत्मनिर्भर भारत लक्ष्य की सराहना

‘मेरी पीठ में छुरा घोंपा’, अविनाश मिश्रा ने मांगी प्राइवेसी तो भड़कीं ईशा सिंह, बोलीं- नाम और सबूत सब सामने ला दूंगी