
मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक यानी अटल सेतु से समुद्र में छलांग लगाने वाले 28 वर्षीय युवक का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस और बचाव दल ने सोमवार को पूरे दिन समुद्र में व्यापक खोज अभियान चलाया, लेकिन युवक का शव बरामद नहीं हो सका।
पुणे जिले के शिरूर तालुका के निवासी प्रतीक सुभाष रासकर (28) ने आधी रात को अटल सेतु से समुद्र में छलांग लगा दी था। वह शेयर बाजार से जुड़े प्रशिक्षण और क्लासेस के कामकाज से जुड़ा था।
मिली जानकारी के अनुसार, 7 जून की रात प्रतीक अपने घर से यह कहकर निकला था कि वह बाहर खाना खाने जा रहा है। इसके बाद वह अपनी कार लेकर नवी मुंबई के अटल सेतु ब्रिज पहुंचा। बताया जा रहा है कि उसने ब्रिज पर कार रोकी और सीधे समुद्र में छलांग लगा दी।
घटना रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात करीब 1 बजकर 29 मिनट पर हुई। घटना का पता चलते ही पुलिस और अन्य एजेंसियों को सूचना दी गई।
प्रतीक रासकर ने यह कदम क्यों उठाया, इसका फिलहाल कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और परिवार के सदस्यों व परिचितों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना से पहले उसके व्यवहार में किसी असामान्य बदलाव की जानकारी भी अभी तक सामने नहीं आई है। ऐसे में पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों की गहराई से पड़ताल कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही उलवे पुलिस ने समुद्र में बड़े स्तर पर खोज अभियान शुरू किया। हालांकि लगातार प्रयासों के बावजूद आज सुबह तक युवक का पता नहीं चल सका था। पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। यदि किसी को प्रतीक के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो तत्काल उलवे पुलिस स्टेशन से संपर्क करने को कहा गया है। घटना के समय उसने सफेद रंग की शर्ट और ग्रे रंग की पैंट पहन रखी थी।
इस घटना के बाद अटल सेतु पर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस युवक की तलाश कर रही है और मामले की जांच भी जारी है।