मुंबई

राहुल गांधी के संपर्क में हैं राज ठाकरे? INDIA ब्लॉक की बैठक से पहले संजय राउत का बड़ा बयान

Sanjay Raut: शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने दावा किया है कि मनसे प्रमुख राज ठाकरे और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बीच संवाद है। उनके बयान के बाद मनसे के इंडिया गठबंधन में शामिल होने को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
2 min read
• •
Sep 29, 2026
MNS Raj Thackeray Rahul Gandhi
राज ठाकरे और राहुल गांधी (Photo: IANS)

Raj Thackeray Rahul Gandhi Contact: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़े सियासी फेरबदल की सुगबुगाहट तेज हो गई है। शिवसेना (यूबीटी) सांसद और वरिष्ठ नेता संजय राउत ने दावा किया है कि मनसे (MNS) प्रमुख राज ठाकरे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बीच पर्दे के पीछे बातचीत चल रही है। राउत के इस बयान के बाद महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि क्या राज ठाकरे भविष्य में विपक्षी 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन का हिस्सा बन सकते हैं।

संजय राउत ने क्या कहा?

मुंबई में मीडिया से बातचीत करते हुए जब संजय राउत से पूछा गया कि क्या राज ठाकरे विपक्ष की आवाज बनकर उभर रहे हैं और क्या उन्हें 'इंडिया' गठबंधन में शामिल किया जाएगा, तो राउत ने कहा, "राज ठाकरे और राहुल गांधी के बीच सीधा संवाद है। दो नेताओं के बीच बातचीत क्यों नहीं होनी चाहिए? देश के सभी विपक्षी दल एक-दूसरे के संपर्क में हैं और आपस में चर्चा कर रहे हैं। चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जो आंदोलन चल रहा है, वह राहुल गांधी द्वारा शुरू की गई मुहिम का ही हिस्सा है। यह एकजुटता और संवाद का ही नतीजा है। ममता बनर्जी कल तक इस आंदोलन से दूर थीं, लेकिन अब वे भी बैठक में हिस्सा ले रही हैं।"

‘आज की बैठक का एजेंडा ज्ञानेश कुमार’

संजय राउत ने आगे स्पष्ट किया कि 'इंडिया' गठबंधन की बैठक का मुख्य एजेंडा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ रणनीति बनाना है। राउत ने आगे कहा कि राज ठाकरे को इंडिया गठबंधन में शामिल करने का मुद्दा आज की बैठक के एजेंडे में नहीं है। उन्होंने संकेत दिया कि इस विषय पर भविष्य में अलग से चर्चा हो सकती है।

इंडिया गठबंधन की बैठक पर राज्य सभा (RS) सांसद राउत ने कहा, "ये बैठक बहुत महत्वपूर्ण है। हमें भी उसमें जाना था, उद्धव ठाकरे ने भी तैयारी की थी, लेकिन दो दिनों में मुंबई में हमारा भी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर एक बहुत बड़ा आंदोलन है। हम उसकी तैयारी में जुटे हैं… उद्धव ठाकरे समेत हम सभी लोग 3 बजे के बाद विपक्षी गठबंधन की बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे।"

संजय राउत के दावे पर राज ठाकरे का पहला रिएक्शन

आज दोपहर में मुंबई में ठाकरे बंधुओं की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों ने संजय राउत के बयान का हवाला देते हुए राज ठाकरे से सवाल किया। पत्रकारों ने कहा कि संजय राउत ने दावा किया है कि राज ठाकरे और राहुल गांधी के बीच भी संवाद चल रहा है।

इस पर राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के बगल में बैठे संजय राउत ने तुरंत बीच में हस्तक्षेप करते हुए सफाई दी। उन्होंने कहा, “मैंने ऐसा कहा था कि एसआईआर और चुनाव आयोग के मुद्दे पर सभी के बीच आपस में संवाद है।” इस पर राज ठाकरे ने राउत की ओर देखते हुए सहमति में सिर हिलाया।

उद्धव सेना-मनसे 4 अक्टूबर को निकालेगी बड़ा मोर्चा

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों के विरोध में शिवसेना (यूबीटी) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) एक साथ आ गए हैं। चुनाव आयोग के खिलाफ 4 अक्टूबर को मुंबई में एक मोर्चे का आह्वान किया गया है, जिसकी रूपरेखा तय करने के लिए उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने संयुक्त रणनीति बनाई है।

Updated on:
29 Sept 2026 02:15 pm
Published on:
29 Sept 2026 02:02 pm