मुंबई

राज ठाकरे के शिवतीर्थ बंगले में घुसी बंदरों की टोली, बालकनी में मचाया हुड़दंग, पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके

Raj Thackeray Shivtirth Monkeys: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के आलीशान बंगले 'शिवतीर्थ' पर रविवार को बंदरों के झुंड ने धावा बोल दिया। कुछ बंदर सीधे ठाकरे की बालकनी तक पहुंच गए। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
2 min read
Jul 19, 2026
MNS Chief Raj Thackeray House Dadar
राज ठाकरे के 'शिवतीर्थ' आवास पर बंदरों का धावा! (Photo: X/IANS/@shubham_9909)

MNS Chief Raj Thackeray: मुंबई के दादर स्थित महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के निवास 'शिवतीर्थ' में रविवार सुबह उस समय हलचल मच गई, जब बंदरों की एक टोली उनके घर के परिसर में पहुंच गई। कुछ बंदर उछलते-कूदते हुए सीधे बंगले की बालकनी तक पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और मुंबई अग्निशमन दल की टीम मौके पर पहुंच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार सुबह शिवाजी पार्क इलाके में बंदरों का झुंड पेड़ों और आसपास की इमारतों पर उछलता-कूदता दिखाई दिया। यह बंदर कभी मैदान के बड़े पेड़ों पर तो कभी आस-पास की सोसायटियों की छतों पर कूद-फांद कर रहे थे। इसी दौरान कुछ बंदर ठाकरे के बंगले 'शिवतीर्थ' की तरफ बढ़े। वहां लगे पेड़ों के सहारे कुछ बंदर सीधे बंगले की बालकनी में दाखिल हो गए और वहां हुड़दंग मचाने लगे।

ठाकरे की बालकनी तक पहुंचे बंदर, कंट्रोल रूम को दी गई सूचना

जैसे ही बंदर राज ठाकरे के घर की बालकनी में पहुंचे और घर के अंदर घुसने की कोशिश करने लगे, वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों में खलबली मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा टीम ने बिना वक्त गंवाए तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके की घेराबंदी की और अग्निशमन विभाग से भी सहायता मांगी।

बताया जा रहा है कि बंदरों का झुंड सुबह से ही शिवतीर्थ परिसर और आसपास के इलाके में घूम रहा है। इससे स्थानीय लोगों में भी भय व चिंता का माहौल बन गया।

पुलिस और फायर ब्रिगेड ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस ने मुस्तैदी दिखाई और तुरंत अग्निशमन दल (Fire Brigade) को मदद के लिए अलर्ट किया। कुछ ही देर में पुलिस की वैन और फायर ब्रिगेड के जवान सभी जरूरी उपकरणों के साथ 'शिवतीर्थ' बंगले पर पहुंच गए। बंदरों को सुरक्षित तरीके से पकड़ने तथा उन्हें रिहायशी इलाके से बाहर निकालने के प्रयास जारी है।

फिलहाल किसी के घायल होने या किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। लेकिन मुंबई के सबसे पॉश और व्यस्त इलाकों में शामिल दादर में अचानक बंदरों की टोली पहुंचने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। रिहायशी क्षेत्र में वन्यजीवों की इस तरह मौजूदगी ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ प्रशासन की भी चिंता बढ़ा दी है।  

Updated on:
19 Jul 2026 02:26 pm
Published on:
19 Jul 2026 02:26 pm