मुंबई के मालाड स्टेशन पर एनएम कॉलेज के लेक्चरर आलोक कुमार सिंह की हत्या से सनसनी फैल गई है। इस मामले पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात की। 12 घंटे में ही आरोपी ओमकार एकनाथ शिंदे को गिरफ्तार कर लिया गया।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में शनिवार शाम एक ऐसी वारदात हुई, जिसने यात्री सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। मालाड रेलवे स्टेशन पर एक मामूली विवाद के बाद विलेपार्ले स्थित एनएम कॉलेज के 32 वर्षीय लेक्चरर आलोक कुमार सिंह की धारदार चीज घोंपकर हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, आलोक सिंह शनिवार शाम करीब 5:40 बजे बोरीवली जाने वाली लोकल ट्रेन से घर लौट रहे थे। मालाड स्टेशन आने पर ट्रेन से उतरने को लेकर उनका सहयात्री ओमकार एकनाथ शिंदे (27) से विवाद हो गया। चश्मदीदों के मुताबिक, आलोक ने आरोपी से कहा था कि आगे महिलाएं खड़ी हैं, इसलिए धक्का-मुक्की न करे।
इसी बात से गुस्साए आरोपी शिंदे ने अपने पास रखे एक धातु पकड़ने वाली चिमटी से आलोक के पेट पर वार कर दिया और भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल आलोक को शताब्दी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। शनिवार को आलोक की पत्नी का जन्मदिन था और उन्होंने रात को डिनर पर बाहर जाने का प्लान बनाया था, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही यह दुखद हादसा हो गया।
मृतक आलोक सिंह के पिता अनिल कुमार सिंह केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की सुरक्षा टीम का हिस्सा हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रक्षा मंत्री ने खुद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात कर मामले में सख्त एक्शन के निर्देश दिए थे।
मृतक आलोक के पिता अनिल कुमार सिंह दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की सुरक्षा इकाई में तैनात हैं। घटना के समय वह दिल्ली में ड्यूटी पर थे। बेटे की हत्या की खबर मिलते ही वह रविवार सुबह मुंबई पहुंचे। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने शोक व्यक्त किया और सीएम फडणवीस को फोन कर दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करने के लिए कहा है।
मुंबई के भगवती अस्पताल के शवगृह के बाहर बैठे अनिल कुमार ने कहा, "रक्षा मंत्री ने मुझे आश्वासन दिया है कि उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से बात की है ताकि इस मामले में कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।"
बोरीवली जीआरपी (GRP) ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पांच विशेष टीमें बनाईं थी। करीब 200 सीसीटीवी कैमरों और रेलवे के फेशियल रिकग्निशन सिस्टम की मदद से आरोपी आरोपी शिंदे को ट्रैक किया गया। रविवार सुबह करीब 7:40 बजे पुलिस ने उसे मालाड स्टेशन के पास से ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ग्रांट रोड इलाके में नकली आभूषणों (Imitation Jewellery) की पॉलिश का काम करता है।