
Ratnagiri Murder Case: महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले के चिपलुन में मुंबई-गोवा हाईवे के पास एक युवक की बेरहमी से हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वालोपे रेलवे स्टेशन के पास मिले 33 वर्षीय युवक के शव की पहचान कोल्हापुर निवासी नवनाथ बबन कांबले के रूप में हुई थी। युवक के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या की गई थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए चिपलूण पुलिस ने मुख्य संदिग्ध आरोपी को कोल्हापुर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस की मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का नाम पवन आंबेडे है और वह चिपलुन के वालोटी इलाके का निवासी बताया जा रह है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शुरुआती पूछताछ में अपना अपराध कबूल कर लिया है। खास बात यह है कि आरोपी एक आदतन अपराधी बताया जा रहा है और उसके खिलाफ तड़ीपार की कार्रवाई भी की गई थी।
इस हत्याकांड की जांच पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी, क्योंकि शुरुआत में मृतक की पहचान और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाना आसान नहीं था। मामले की गंभीरता को देखते हुए चिपलुन पुलिस ने जांच तेज कर दी।
पुलिस ने चिपलुन और वालोपे इलाके के करीब 100 से 125 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा संदिग्धों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की तकनीकी जांच भी की गई। इन सुरागों के आधार पर पुलिस कुछ ही दिनों में आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
चिपलुन पुलिस की एक विशेष टीम ने पुलिस अधिकारी फुलचंद मेगडे के नेतृत्व में कोल्हापुर पहुंचकर आरोपी पवन आंबेडे को हिरासत में लिया।
पुलिस के मुताबिक, 16 नवंबर 2026 की रात 8:15 बजे से 17 नवंबर की सुबह 7 बजे के बीच वालोपे में मुंबई-गोवा हाईवे के पास बने फ्लाईओवर के नजदीक नवनाथ कांबले की हत्या की गई थी।
17 नवंबर की सुबह उनका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतक के सिर के आगे बाईं ओर गंभीर चोट के निशान थे और काफी खून बहा हुआ था। शव के पास ही खून से सना एक पत्थर भी बरामद हुआ था। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई थी कि पत्थर से सिर पर वार करके युवक की हत्या की गई।
इस मामले में चिपलुन पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 348/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
इस हत्याकांड की जांच काफी जटिल थी। मृतक की पहचान करने से लेकर आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस को कई तकनीकी और अन्य सुरागों पर काम करना पड़ा। चिपलुन पुलिस की टीम ने दिन-रात मेहनत करते हुए कुछ ही दिनों में मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस की इस कामयाबी की सराहना करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक बी. बी. महामुनी ने जांच टीम के लिए 30 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।