Maharashtra Crime: आरोपी कई दिनों से चारों सगी बहनों का यौन शोषण कर रहा था। हैरानी की बात यह है कि वह उनका दूर का रिश्तेदार है।
महाराष्ट्र (Maharashtra News) के अहिल्यानगर जिले (Ahilyanagar News) के राहुरी तालुका से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक रिश्तेदार ने ही अपनी देखरेख में रह रही चार बहनों का यौन शोषण किया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी व्यक्ति और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित चारों बहनें नासिक जिले की रहने वाली हैं। उनके माता-पिता के अलग होने के बाद उनकी देखभाल की जिम्मेदारी दूर के एक रिश्तेदार को सौंपी गई थी। लेकिन संरक्षण देने के बजाय उसी ने सगी बहनों का शारीरिक शोषण शुरू कर दिया। पीड़िताओं में से एक विवाहित है, जिसकी शादी चार महीने पहले हुई थी, जबकि बाकी तीन बहनें 16, 14 और 10 साल की नाबालिग हैं।
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब विवाहित बहन हाल ही में अपनी बहनों से मिलने के लिए आई थी. इस दौरान फिर से आरोपी ने उसका युआन उत्पीड़न किया। लेकिन इस बार उसने चुप रहने की बजाय अपने पति को सब कुछ बता दिया। इसके बाद दंपति ने तुरंत सामाजिक संस्था ‘स्नेहालय’ से संपर्क किया। संस्था के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद राहुरी पुलिस ने पीड़ितों को रेस्क्यू किया और आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस निरीक्षक संजय ठेंगे ने बताया कि आरोपी पति-पत्नी को न्यायालय में पेश किया जाएगा और मामले की गंभीरता को देखते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी। घटना के सामने आते ही इलाके में आक्रोश फैल गया है। नाबालिग बच्चियों और विवाहित बहन पर लंबे समय तक अत्याचार करने वाले आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की जा रही है।
जांच में यह भी पता चला कि आरोपी न केवल शादीशुदा पीड़िता का बल्कि उसकी तीन नाबालिग बहनों का भी कई बार यौन उत्पीड़न कर चुका है। यह घटना न केवल दिल दहला देने वाली है, बल्कि समाज और व्यवस्था को भी झकझोर देने वाली है। अपने माता या पिता के प्यार से वंचित जिन बच्चों की जिम्मेदारी किसी पर छोड़ी जाती है, वो ही कभी-कभी उनके लिए सबसे बड़ा खतरा बन जाते हैं।