
Sunetra Pawar: पुणे में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति गरमा गई है। पुणे की कानून-व्यवस्था को लेकर सांसद सुप्रिया सुले के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से पुणे का पालकत्व लेने के आग्रह के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने भी सरकार पर निशाना साधा। हालांकि, उनके बयान के बाद बीजेपी नेताओं ने उन पर तीखा हमला बोला। अब रोहित पवार ने अपने बयान पर सफाई देते हुए उपमुख्यमंत्री और पुणे की पालकमंत्री सुनेत्रा पवार से व्यक्तिगत रूप से माफी मांगी है।
रोहित पवार ने कहा कि उनके शब्द शायद कुछ ज्यादा आक्रामक रहे होंगे और अगर उनकी बात से किसी को बुरा लगा है, खासकर सुनेत्रा पवार को, तो वह व्यक्तिगत रूप से माफी मांगते हैं। हालांकि, उन्होंने साथ ही साफ किया कि उन्होंने जो मुद्दा उठाया था, वह गलत नहीं था।
रोहित पवार ने कहा कि वह बारामती के रहने वाले हैं और उनका जन्म भी वहीं हुआ है। पुणे जिले से अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह खुद को पुणे का नागरिक और कार्यकर्ता मानते हैं। उन्होंने कहा कि जब से उन्हें समझ है, उन्होंने अजित पवार को ही पुणे का पालकमंत्री देखा है। उनके मुताबिक अजित पवार के नेतृत्व में पुणे शहर, पुणे ग्रामीण और पिंपरी-चिंचवड़ में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। यही वजह है कि जब अजित पवार और पुणे का विषय आता है तो वे भावुक हो जाते हैं।
रोहित पवार ने दावा किया कि अजित पवार का अधिकारियों पर मजबूत नियंत्रण था और महायुति सरकार बनने से पहले अधिकारी उनके निर्देशों के मुताबिक काम करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के साथ अजित पवार के जाने के बाद पुणे के पुलिस आयुक्त समेत अधिकारी बीजेपी नेताओं, खासकर मुख्यमंत्री की बात अधिक सुनते हैं। रोहित पवार ने कहा कि इससे पुणे की पालकमंत्री सुनेत्रा पवार की मुश्किलें बढ़ती हैं, क्योंकि वह मौजूदा समय में पुणे की पालकमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि उनका कहना सिर्फ इतना था कि अधिकारियों को पालकमंत्री की बात सुनने के लिए कहा जाना चाहिए और सुनेत्रा पवार को काम करने के लिए पर्याप्त ताकत दी जानी चाहिए।
रोहित पवार ने कहा कि अजित पवार की जगह कोई नहीं ले सकता। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के लिए भी सम्मान जताते हुए कहा कि वह बड़े नेता हैं और उनके प्रति सम्मान है, लेकिन महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने पुणे में सड़क पर कोयते से हमले, बलात्कार और छेड़छाड़ जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन घटनाओं को देखकर वे भावुक होते हैं और इसलिए अपनी बात रखते हैं।
रोहित पवार ने कहा कि कानून-व्यवस्था मुख्यमंत्री के अधिकार क्षेत्र में आती है। अगर पुणे और मुंबई में कानून-व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है तो मुख्यमंत्री को बीजेपी के किसी सक्षम विधायक को यह जिम्मेदारी देनी चाहिए, ताकि वह इस विभाग पर विशेष रूप से ध्यान दे सके। इस पूरे विवाद के बीच रोहित पवार ने एक तरफ अपने बयान के शब्दों को लेकर सुनेत्रा पवार से माफी मांगी है, वहीं दूसरी तरफ अपनी मूल राजनीतिक मांग पर कायम रहते हुए कहा है कि उन्होंने जो मुद्दा उठाया था, उसे गलत नहीं माना जा सकता।