26 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Maharashtra / Mumbai / 1993 मुंबई ब्लास्ट केस: ‘मुझे फिर से अंडा सेल में रखो…’, आरोपी की मांग कोर्ट ने ठुकराई, कहा- हमला वहां भी हो सकता है

1993 मुंबई ब्लास्ट केस: ‘मुझे फिर से अंडा सेल में रखो…’, आरोपी की मांग कोर्ट ने ठुकराई, कहा- हमला वहां भी हो सकता है

Mumbai Serial Blast Case: मुंबई के 1993 सीरियल बम धमाकों के आरोपी मुनाफ हलारी को आर्थर रोड जेल के हाई सिक्योरिटी अंडा सेल में दोबारा रखने की मांग को विशेष टाडा अदालत ने खारिज कर दिया है। आरोपी ने अपनी जान को खतरा बताते हुए अंडा सेल में शिफ्ट करने की मांग की थी।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Dinesh Dubey

•

Updated: 26 Nov 2026, 5:37 PM IST

1993 Mumbai Blast Case

आर्थर रोड जेल (Photo: IANS/File)

1993 Mumbai Serial Blast Case: मुंबई के 1993 सीरियल बम धमाकों के आरोपी मुनाफ अब्दुल माजिद मूसा हलारी उर्फ अनवर मोहम्मद हाजी अब्दुल माजिद को आर्थर रोड सेंट्रल जेल की सामान्य बैरक में ही रहना होगा। विशेष टाडा अदालत ने उसे फिर से हाई सिक्योरिटी वाले अंडा सेल में रखने की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया है। विशेष न्यायाधीश वी. डी. केदार ने जेल प्रशासन की दलीलें सुनने के बाद यह फैसला सुनाया।

दरअसल, हलारी को पहले आर्थर रोड जेल के अंडा सेल में रखा गया था, लेकिन हाल ही में उसे वहां से हटाकर अन्य कैदियों के साथ सामान्य बैरक में शिफ्ट कर दिया गया था। इसके बाद उसने अदालत में याचिका दाखिल कर दावा किया कि सामान्य बैरक में रहने से उसकी जान और व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरा है। हालांकि, जेल प्रशासन ने अदालत को बताया कि सामान्य बैरक में भी उसकी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किये गए हैं।

आरोपी ने कहा- 1993 ब्लास्ट केस के कारण जान को खतरा

मुनाफ हलारी ने अपनी याचिका में कहा था कि वह 1993 के संवेदनशील मुंबई सीरियल बम धमाका मामले का आरोपी है। ऐसे में उसे जेल में विशेष सुरक्षा मिलनी चाहिए। उसने आशंका जताई कि सामान्य बैरक में अन्य कैदियों के साथ रहने से उसकी जान को खतरा हो सकता है। इसी आधार पर उसने दोबारा अंडा सेल में रखने की मांग की थी।

हालांकि, आर्थर रोड जेल प्रशासन ने उसकी मांग का विरोध किया। प्रशासन ने अदालत को बताया कि सामान्य बैरक में हलारी की सुरक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है। उसे अंडा सेल में रखने की जरुरत नहीं है।

अंडा सेल में क्षमता से दोगुने कैदी

जेल प्रशासन ने अदालत के सामने आर्थर रोड जेल में कैदियों की संख्या और अंडा सेल की स्थिति का भी हवाला दिया। प्रशासन के मुताबिक, आर्थर रोड जेल की आधिकारिक क्षमता 999 कैदियों की है, लेकिन वर्तमान में वहां 3,355 कैदी रखे गए हैं।

वहीं, अंडा सेल की क्षमता केवल 31 कैदियों की है, जबकि वहां करीब 70 कैदी बंद हैं। इस हाई सिक्योरिटी सेल में अबू जुंदाल, प्रसाद पुजारी, उदय पाठक, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के आरोपी और छोटा राजन गिरोह के सदस्यों समेत कई गंभीर अपराधों के आरोपी रखे गए हैं।

जेल प्रशासन ने अदालत को यह भी बताया कि अंडा सेल में बंद अबू जुंदाल पर पहले हमला कर उसकी हत्या करने की कोशिश की जा चुकी है। ऐसे में हलारी को भी उसी सेल में रखने से उसकी सुरक्षा की गारंटी नहीं दी जा सकती। प्रशासन ने दलील दी कि अंडा सेल में क्षमता से अधिक कैदी होने के कारण वहां भी सुरक्षा संबंधी जोखिम हैं।

अदालत ने क्यों खारिज की याचिका?

विशेष न्यायाधीश वी. डी. केदार ने जेल प्रशासन की दलीलों को स्वीकार करते हुए कहा कि अंडा सेल में पहले से ही निर्धारित क्षमता से अधिक कैदी रखे गए हैं। इसके अलावा, उसी हाई सिक्योरिटी सेल में पहले हमले की घटना भी हो चुकी है। अदालत ने माना कि केवल हाई सिक्योरिटी सेल में रखे जाने से किसी कैदी की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो जाती। हलारी की ओर से अपनी सुरक्षा को लेकर कोई ठोस सबूत भी पेश नहीं किया गया। इसके बाद अदालत ने उसे दोबारा अंडा सेल में शिफ्ट करने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी। इस फैसले के बाद मुनाफ हलारी को आर्थर रोड जेल की सामान्य बैरक में ही रखा जाएगा।