मुंबई

अजित पवार पर काला जादू किया गया था? भतीजे रोहित ने की जांच की मांग, कहा- राजनीतिक राक्षसों का पर्दाफाश हो

Ajit Pawar Ashok Kharat Black Magic: एनसीपी नेताओं ने दावा किया है कि अजित पवार के मुंबई स्थित देवगिरी बंगले और बारामती स्थित निवास के बाहर जादू-टोने से जुड़ी वस्तुएं मिली थीं। इन घटनाओं के पीछे अशोक खरात या उसके सहयोगियों का हाथ हो सकता है।
2 min read
Mar 20, 2026
Ajit Pawar Black Magic Ashok Kharat
रोहित पवार, अजित पवार, अशोक खरात (Patrika Photo)

महाराष्ट्र के नासिक में खुद को ज्योतिषी और अंकशास्त्री (Numerologist) बताने वाले 'कैप्टन' अशोक खरात की बलात्कार के मामले में गिरफ्तारी ने राज्य की राजनीति में सनसनी फैला दी है। खरात की गिरफ्तारी के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेताओं ने बेहद चौंकाने वाले दावे किए हैं। एनसीपी (अजित पवार) विधायक अमोल मिटकरी और एनसीपी शरद गुट के प्रवक्ता सुनील माने ने आशंका जताई है कि अजित पवार के मुंबई स्थित 'देवगिरी' बंगले और बारामती स्थित आवास के बाहर जो तंत्र-मंत्र की वस्तुएं मिली थीं, उनके पीछे अशोक खरात का हाथ हो सकता है। चर्चा यहां तक है कि क्या खरात के जरिए अजित पवार पर 'काली जादू' कराया गया था? इस पूरे मामले पर अब अजित पवार के भतीजे और एनसीपी (शरद गुट) विधायक रोहित पवार ने जांच की मांग की है।

बता दें कि बुधवार को पुलिस ने अशोक खरात को एक 35 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है। उस पर महिला को नशीला पदार्थ देकर नवंबर 2022 से दिसंबर 2025 के बीच बार-बार बलात्कार करने का आरोप है।

राजनीतिक राक्षसों का पर्दाफाश हो- पवार

शरद पवार गुट के नेता रोहित पवार ने इस मामले को 'भयंकर' बताते हुए गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके पूछा है कि अगर नासिक के इस ढोंगी बाबा ने अजित पवार के घर के बाहर जादू-टोना जैसा कुछ किया है तो उसे इसकी 'सुपारी' देने वाले 'राजनीतिक राक्षस' कौन हैं? इस भयावह महत्वाकांक्षा के पीछे उनका राजनीतिक मकसद क्या था?

रोहित पवार ने मांग की है कि इस बात की जांच होनी चाहिए कि 27 जनवरी के आसपास देवगिरी बंगले पर खरात के करीबी कौन-कौन लोग आए थे। उन्होंने अजित पवार के परिवार (पत्नी सुनेत्रा पवार और बेटे पार्थ और जय) को भी सचेत रहने के लिए कहा और दावा किया कि वर्तमान राजनीति काफी असुरक्षित हो गई है।

कौन है कैप्टन अशोक खरात?

अशोक खरात नासिक के सिन्नर तालुका में 'श्री ईशान्येश्वर मंदिर ट्रस्ट' का अध्यक्ष है। वह मर्चेंट नेवी का सेवानिवृत्त अधिकारी है और दावा करता है कि 22 साल के करियर में उसने 154 देशों की यात्रा की है। इसी अनुभव की आड़ में उसने खुद को 'कॉस्मोलॉजी एक्सपर्ट' और अंकशास्त्री के रूप में स्थापित किया।

रिपोर्ट के अनुसार, कई बड़े राजनेता, मशहूर हस्तियां और उद्योगपति अपना भविष्य जानने के लिए खरात के संपर्क में रहते थे। धार्मिक आस्था और दैवी शक्ति के बहाने उसने लोगों का विश्वास जीता और फिर कथित तौर पर महिलाओं के यौन शोषण का खेल शुरू किया।

बलात्कार का आरोप, 58 अश्लील वीडियो मिले

खरात की गिरफ्तारी एक 35 वर्षीय महिला की शिकायत पर हुई है, जिसने आरोप लगाया कि खरात ने उसे नशीला पदार्थ देकर उसके साथ कई वर्षों तक बलात्कार किया। नासिक पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बुधवार तड़के खरात को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पेन ड्राइव बरामद हुई है, जिसमें 58 आपत्तिजनक और अश्लील वीडियो मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने अब इसकी जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित की है।

Updated on:
20 Mar 2026 05:39 pm
Published on:
20 Mar 2026 05:35 pm