18 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नेताओं का भविष्य बताने वाला ज्योतिषी अशोक खरात रेप मामले में गिरफ्तार, पुलिस को मिले 58 आपत्तिजनक वीडियो

Astrologer Ashok Kharat Arrest: महाराष्ट्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बड़े राजनेताओं का भविष्य बताने वाले ज्योतिषी अशोक खरात को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह उस समय चर्चा में आया था जब मुख्यमंत्री रहते हुए एकनाथ शिंदे ने उसके मंदिर का दौरा किया था।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Mar 18, 2026

Astrologer Ashok Kharat Sexual Assault Case

आरोपी अशोक खरात और राज्य महिला आयोग चीफ रूपाली चाकणकर (Photo: X/@anjali_damania)

Who is Ashok Kharat: महाराष्ट्र के नासिक (Nashik) से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां खुद को ‘कैप्टन’ कहने वाले कथित ज्योतिषी अशोक खरात को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उस पर 35 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। खरात की गिरफ्तारी के बाद उसके पास से एक पेन ड्राइव बरामद हुई है, जिसमें 58 आपत्तिजनक और अश्लील वीडियो मिले हैं। इस खुलासे ने महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में हड़कंप मचा दिया है।

क्या है पूरा मामला?

नासिक के सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन में अशोक खरात के खिलाफ एक महिला की शिकायत पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि उसने 35 वर्षीय महिला के साथ बलात्कार किया है।

पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने आज तड़के करीब 3 बजे उसे हिरासत में लिया। फिलहाल उससे गहन पूछताछ जारी है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने आशंका जताई है कि ज्योतिष और अंकशास्त्र की आड़ में वह कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है।

पेन ड्राइव में मिले 58 आपत्तिजनक वीडियो

जांच के दौरान पुलिस ने खरात के पास से एक पेन ड्राइव बरामद की, जिसमें 58 आपत्तिजनक वीडियो पाए गए हैं। इन वीडियो की सत्यता और उनसे जुड़े संभावित पीड़ितों की पहचान की जांच की जा रही है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच करवा रही है।

हाई-प्रोफाइल कनेक्शन से बढ़ी सनसनी

इस मामले में सामने आए हाई-प्रोफाइल कनेक्शन और बड़ी संख्या में बरामद आपत्तिजनक वीडियो ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या इस मामले में और लोग भी शामिल हैं या अन्य पीड़ित सामने आ सकते हैं।

कौन है अशोक खरात?

अशोक खरात का राजनीतिक नेताओं और सेलिब्रिटीज के साथ उठना-बैठना रहा है। नासिक जिले के सिन्नर तालुका में अशोक खरात ने ‘श्री शिवनिका संस्थान’ नामक मंदिर की स्थापना की है। इस मंदिर के ट्रस्ट में एनसीपी अजित पवार गुट की नेता व राज्य की महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर (Rupali Chakankar) भी ट्रस्टी पद पर हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, अशोक खरात मर्चेंट नेवी का एक सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। वह ‘श्री ईशान्येश्वर मंदिर ट्रस्ट’ का अध्यक्ष बताया जा रहा है। अशोक खरात तब चर्चा में आया था जब नवंबर 2022 में तत्कालीन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उसके मंदिर का दौरा किया था।

मर्चेंट नेवी से ज्योतिष तक का सफर

मर्चेंट नेवी से सेवानिवृत्त होने के बाद खरात ने खुद को एक बड़े अंकशास्त्रज्ञ (Numerologist) के रूप में स्थापित किया। उसके पास न केवल बड़े राजनेता, बल्कि नामी सेलिब्रिटीज और उद्योगपति भी मार्गदर्शन के लिए आते थे।

अशोक खरात के ट्रस्ट की वेबसाइट के अनुसार, उसने मर्चेंट नेवी में रहते हुए 154 देशों की यात्रा की है और वहां की संस्कृतियों व परंपराओं का अध्ययन किया है। बताया जाता है कि बाद में उसने ‘कॉस्मोलॉजी’ (विश्व विज्ञान) और अंकशास्त्र की ओर रुख किया और इसी के जरिए उसने प्रसिद्ध अंकशास्त्री और ज्योतिषी के रूप में अपनी पहचान बनाई।