मुंबई

रोहित पवार की ट्रैक्टर रैली पर रुख बदल सकती है शरद गुट की एनसीपी, 26 नवंबर को अहम बैठक

Rohit Pawar: रोहित पवार के ‘न्याय अधिकार ट्रैक्टर मार्च’ को लेकर शरद पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस के भीतर मतभेद सामने आए हैं। 26 नवंबर को मुंबई में होने वाली बैठक में पार्टी आंदोलन को समर्थन देने पर फैसला कर सकती है।
3 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 12:45 PM IST
rohit pawar
शरद पवार के साथ रोहित पवार (Photo: FB/Rohit Pawar)

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र में किसानों के मुद्दे पर निकाले जाने वाले विधायक रोहित पवार के ट्रैक्टर मार्च को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) में सियासी हलचल तेज हो गई है। पदाधिकारियों और नेताओं को इस मार्च से दूर रहने का निर्देश दिए जाने की खबरों के बाद अब पार्टी नेतृत्व अपने रुख पर दोबारा विचार करने जा रहा है। इसके लिए 26 नवंबर को मुंबई में पार्टी की अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में विदर्भ क्षेत्र में सूखे के कारण किसानों को हुए नुकसान और राहत उपायों पर चर्चा होगी। साथ ही यह भी तय किया जा सकता है कि पार्टी रोहित पवार के ट्रैक्टर मार्च का समर्थन करेगी या नहीं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, एनसीपी (एसपी) ने सभी जिला और शहर इकाई प्रमुखों को अपने-अपने क्षेत्रों में सूखे की स्थिति और किसानों की समस्याओं पर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि इस बैठक का एक प्रमुख एजेंडा रोहित पवार के ट्रैक्टर मार्च को समर्थन देने पर फैसला करना भी है।

शेगांव से नागपुर तक निकलेगा छह दिवसीय ट्रैक्टर मार्च

शरद पवार के भतीजे के बेटे व एनसीपी (एसपी) नेता रोहित पवार ने विदर्भ में सूखे और उसके बाद पैदा हुए संकट से जूझ रहे किसानों को राहत दिलाने की मांग को लेकर बुलढाणा जिले के शेगांव से नागपुर तक छह दिवसीय ट्रैक्टर मार्च का ऐलान किया है। 4 दिसंबर को शुरू होने वाला यह मार्च 9 दिसंबर को नागपुर में विधान भवन के पास समाप्त होगा।

इस आंदोलन को महाराष्ट्र कांग्रेस ने पहले ही समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। ऐसे में अब सभी की नजरें एनसीपी (शरद गुट) के फैसले पर टिकी हैं।

पार्टी नेतृत्व की नाराजगी की वजह क्या है?

दरअसल, रोहित पवार ने ट्रैक्टर मार्च का ऐलान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा किए बिना किया था। बताया जा रहा है कि इस वजह से पार्टी नेतृत्व उनसे नाराज था। रोहित ने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले और महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे से भी इस आंदोलन को लेकर सलाह नहीं ली थी।

रोहित पवार ने साफ कर दिया था कि वह इस मार्च में पार्टी का नाम और चुनाव चिह्न इस्तेमाल नहीं करेंगे। उनका कहना था कि किसानों का मुद्दा व्यापक सामाजिक हित से जुड़ा है और इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए।

इसी बीच खबरें आई थीं कि पार्टी ने अपने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को इस मार्च में शामिल नहीं होने का निर्देश दिया है। हालांकि, प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने इन खबरों को गलत बताया।

शशिकांत शिंदे बोले- रोहित पवार के खिलाफ नहीं पार्टी

शशिकांत शिंदे ने कहा कि पार्टी के भीतर आंदोलन का विरोध होने की खबरें पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी नेताओं को 26 नवंबर की बैठक में शामिल होने के लिए कहा गया था और इसी संदेश को गलत तरीके से पेश किया गया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि रोहित पवार ने न तो उनसे और न ही पार्टी प्रमुख शरद पवार से इस आंदोलन को लेकर चर्चा की थी।

शिंदे के मुताबिक, अगर रोहित पवार शरद पवार और पार्टी नेतृत्व के साथ चर्चा करते हैं और पार्टी के झंडे तथा चुनाव चिह्न के तहत मार्च निकालते हैं, तो पार्टी के सभी नेता उनके साथ खड़े होंगे और आंदोलन में शामिल होंगे। हालांकि उन्होंने खुद ही इस आंदोलन को पार्टी के बिना करने का रास्ता चुना है।

रोहित पवार बोले- जनहित के मुद्दों को राजनीति से दूर रखना जरूरी

दूसरी ओर, रोहित पवार अपने फैसले पर कायम हैं। उन्होंने मंगलवार को मुंबई में कहा कि आंदोलन का उद्देश्य व्यापक सामाजिक हित है, इसलिए इसमें पार्टी के नाम या चुनाव चिह्न का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।

उन्होंने पुणे में हुए MPSC छात्रों के आंदोलन और पंढरपुर में किसानों के आंदोलन का उदाहरण देते हुए कहा कि इन आंदोलनों में भी पार्टी के चुनाव चिह्न का इस्तेमाल नहीं किया गया था।

रोहित पवार ने कहा कि अगर किसी आंदोलन में राजनीतिक दल का चुनाव चिह्न इस्तेमाल किया जाता है, तो कुछ लोग उसे राजनीतिक आंदोलन कह सकते हैं। इसलिए नागपुर में होने वाले ट्रैक्टर मार्च में भी पार्टी का नाम और चुनाव चिह्न इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि किसानों के हित में पार्टी इस आंदोलन को अपना समर्थन देगी।

Updated on:
25 Nov 2026, 12:45 PM IST
Published on: