मुंबई

माता-पिता को सरप्राइज देने निकले थे, रास्ते में हो गई अनहोनी! समृद्धि महामार्ग पर पति-पत्नी और 7 साल के मासूम की मौत

Samruddhi Mahamarg Accident: समृद्धि महामार्ग के वेरुल इलाके में झपकी आने से तेज रफ्तार कार ट्रक में जा घुसी। हादसे में पुणे के आईटी इंजीनियर, उनकी पत्नी और 7 साल के बेटे की मौके पर मौत हो गई।
2 min read
• •
Sep 27, 2026
Samruddhi Mahamarg Accident
छोटे भाई की शादी में सरप्राइज देने जा रहे पुणे के इंजीनियर, पत्नी और मासूम बेटे की मौत (Photo: X/IANS)

Maharashtra RoadAccident: छोटे भाई की शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी वजह से पुणे में रहने वाला एक परिवार बिना बताए अचानक अपने माता-पिता से मिलने और उन्हें सरप्राइज देने के लिए जालना के लिए रवाना हुआ था। लेकिन समृद्धि महामार्ग पर हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। चालक को झपकी आने के कारण तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। हादसे में पति-पत्नी और उनके 7 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।

एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

यह दर्दनाक हादसा शनिवार दोपहर करीब 12 बजे समृद्धि महामार्ग के नागपुर कॉरिडोर पर वेरुल इलाके में हुआ। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान प्रतीक रामकिशन जगदाले (35), उनकी पत्नी श्रेया प्रतीक जगदाले (32) और बेटे रुद्रांश प्रतीक जगदाले (7) के रूप में हुई है। प्रतीक जगदाले आईटी इंजीनियर थे।

परिवार मूल रूप से जालना का रहने वाला था और फिलहाल पुणे के मुलशी इलाके में रह रहा था। बताया जा रहा है कि छोटे भाई की शादी की तैयारियों के चलते परिवार जालना जा रहा था। प्रतीक ने अपने माता-पिता को पहले से बताए बिना अचानक उनसे मिलने का प्लान बनाया था।

झपकी आने से कार पर से नियंत्रण खोया

जानकारी के मुताबिक, प्रतीक जगदाले अपने परिवार के साथ कार से पुणे से जालना के लिए सुबह करीब 6 बजे निकले थे। समृद्धि महामार्ग के नागपुर कॉरिडोर में चैनल नंबर 449 के पास वेरुल इलाके में पहुंचने के दौरान चालक को अचानक झपकी आ गई।

झपकी आने के कारण कार पर से नियंत्रण छूट गया और तेज रफ्तार कार आगे चल रहे गुजरात के नंबर वाले ट्रक में पीछे से जा घुसी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रक के पिछले हिस्से के नीचे घुस गया और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार तीनों लोग अंदर बुरी तरह फंस गए थे।

कार काटकर निकालने पड़े शव

हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे सुरक्षा पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल (QRV) की मदद ली गई। राहत दल ने कार के क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर तीनों को बाहर निकाला। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

इस दर्दनाक हादसे के बाद जगदाले परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता को सरप्राइज देने और परिवार के साथ शादी की खुशियों में शामिल होने के लिए निकला यह परिवार रास्ते में ही बिछड़ गया। हादसे की खबर जालना स्थित उनके पैतृक गांव पहुंचते ही शोक का माहौल हो गया।

Updated on:
27 Sept 2026 09:46 am
Published on:
27 Sept 2026 09:04 am