मुंबई

‘अजित पवार जैसा नेतृत्व नहीं रहा, 20-22 विधायक छोड़ेंगे पार्टी’, संजय राउत ने किया NCP में फूट का दावा

Sanjay Raut on NCP Merger: महाराष्ट्र में एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की चर्चा के बीच संजय राउत ने दावा किया है कि सुनेत्रा पवार खेमे के 20-22 विधायक पार्टी छोड़ने की तैयारी में हैं।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 2:26 PM IST
Sanjay Raut
Sanjay Raut: (फाइल फोटो-ANI)

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के एक साथ आने की अटकलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने दावा किया है कि उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाले राष्ट्रवादी कांग्रेस गुट के 20 से 22 विधायक पार्टी से बाहर निकलने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अब दिवंगत नेता अजित पवार जैसा नेतृत्व पार्टी में नहीं रहा है।

दोनों एनसीपी गुटों के संभावित विलय पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय राउत ने कहा कि उन्हें विलय की बातचीत के बारे में कोई जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने विधायकों के पार्टी छोड़ने की तैयारी को लेकर बड़ा दावा किया। उनके इस बयान से महाराष्ट्र की सियासत में एनसीपी के भविष्य और महायुति सरकार में उसकी भूमिका को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, विधायकों के पार्टी छोड़ने या दोनों गुटों के विलय को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

फडणवीस बोले- शरद पवार और सुनेत्रा पवार ही विलय पर फैसला कर सकते हैं

संजय राउत के बयान से पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी एनसीपी के दोनों गुटों के विलय को लेकर बड़ी बात कही थी। मंगलवार को मुंबई स्थित अपने सरकारी आवास 'वर्षा' पर आयोजित दिवाली मिलन समारोह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा था कि दोनों गुट एक होंगे या नहीं, यह केवल शरद पवार और सुनेत्रा पवार ही तय कर सकते हैं।

फडणवीस ने कहा, ''अगर शरद पवार और सुनेत्रा पवार विलय का फैसला करते हैं, तो वे हमें आकर बताएंगे, क्योंकि हमारे बिना विलय नहीं हो सकता। अभी तक दोनों में से किसी ने भी हमें इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।''

शरद पवार से मुलाकात के बाद बढ़ी चर्चा

एनसीपी के एकजुट की चर्चाओं ने उस समय जोर पकड़ लिया, जब सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाले गुट के कई वरिष्ठ नेताओं ने शरद पवार से मुलाकात की। इनमें प्रफुल्ल पटेल और पार्थ पवार भी शामिल थे।

बताया जा रहा है कि शरद पवार हाल ही में सीने में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती हुए थे। इसके बाद उनसे हुई इन मुलाकातों को लेकर राजनीतिक गलियारों में दोनों गुटों के फिर से एक साथ आने की अटकलें तेज हो गईं। आज फिर वरिष्ठ नेता से मिलने का समय मांगा गया था।

सुनेत्रा पवार की अजित पवार से तुलना सही नहीं- फडणवीस

सीएम फडणवीस ने सुनेत्रा पवार के नेतृत्व की तुलना उनके दिवंगत पति अजित पवार से करने पर कहा कि अजित दादा एक अनुभवी नेता थे और उन्हें महाराष्ट्र की राजनीति तथा राज्य के बारे में गहरी समझ थी। जबकि सुनेत्रा पवार अभी परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढाल रही हैं। ऐसे में उनकी तुलना अजित दादा से करना सही नहीं होगा।

बता दें कि 28 जनवरी 2026 को तत्कालीन उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस के अध्यक्ष अजित पवार का बारामती में विमान दुर्घटना में निधन हो गया था। उनके निधन के बाद सुनेत्रा पवार ने पार्टी की कमान संभाली और महाराष्ट्र की महायुति सरकार में उपमुख्यमंत्री बनीं। महायुति सरकार में बीजेपी और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना भी शामिल हैं।

Updated on:
11 Nov 2026, 2:26 PM IST
Published on: