Sanjay Raut On PM Modi: संजय राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेशी दौरों और हाल ही में स्वीडन द्वारा उन्हें दिए गए सर्वोच्च सम्मान 'रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार कमांडर ग्रैंड क्रॉस' पर तंज कसा।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) सांसद संजय राउत ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी पर तीखा हमला बोला। राउत ने देश की मौजूदा स्थिति, पश्चिम एशिया संकट और नेताओं के भारी सुरक्षा काफिले को लेकर कई सवाल खड़े किए। मुंबई में मीडिया से बात करते हुए संजय राउत ने कहा कि चुनाव खत्म होते ही देश संकट में चला गया है और जिस स्थिति की भविष्यवाणी उन्होंने और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पहले ही की थी, वही अब सामने आ रही है। ऐसे में देश के प्रधानमंत्री खुद विदेश में घूम रहे है।
संजय राउत ने प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरे पर निशाना साधते हुए कहा, “मोदी जी कहां हैं? वह सात देशों के दौरे पर हैं। बीजेपी उनके नीदरलैंड स्वागत का जश्न मना रही है, लेकिन देश संकट में है। वह हमसे खाते है कि विदेश मत जाओ, घर से काम करो और महाशय खुद यूरोप घूम रहे।”
उन्होंने पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ईरान युद्ध का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए। राउत ने कहा, “ईरान युद्ध पर बात क्यों नहीं हुई? क्या अमेरिका ने रूस से तेल खरीदने की अनुमति नहीं दी? मोदी सरकार ने आज देश को ‘ट्रंप-निर्भर इंडिया’ बना दिया है।”
स्वीडन द्वारा पीएम मोदी को दिए गए ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार कमांडर ग्रैंड क्रॉस’ सम्मान का जिक्र करते हुए राउत ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हर विदेश दौरे पर कोई न कोई बड़ा सम्मान लेकर लौटते हैं।
राउत ने कहा, पीएम मोदी खुद अवॉर्ड पाने का शतक पूरा करने वाले हैं। वह जिस भी देश में जाते हैं, वहां का सर्वोच्च पुरस्कार ले आते हैं... लेकिन इन पुरस्कारों का आखिर क्या होगा? इससे देश की जनता को क्या फायदा मिलेगा? देश के लोग महंगाई, बेरोजगारी और खराब कानून व्यवस्था से त्रस्त हैं। जनता को विदेश यात्रा कम करने की सलाह देकर वह खुद लगातार विदेश दौरे कर रहे हैं।
राज्यसभा सांसद संजय राउत ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सुरक्षा काफिले को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने पुणे की एक घटना का जिक्र किया, जिसमें एक सामाजिक कार्यकर्ता ने फडणवीस के काफिले के कारण लगे भारी ट्रैफिक जाम का वीडियो बनाया था।
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा, “दिल्ली में उनकी सुरक्षा के लिए तीन-तीन मुख्य सड़कें बंद कर दी जाती हैं। जनता की परेशानी की किसी को चिंता नहीं है।”
संजय राउत की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब पश्चिम एशिया संकट और बढ़ती ईधन की कीमतों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से सात बड़ी अपीलें की हैं। इनमें वर्क फ्रॉम होम अपनाने, विदेश यात्राएं कम करने, डेस्टिनेशन वेडिंग टालने, सोना एक साल तक नहीं खरीदने, खाद्य तेल की खपत घटाने, स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने और रेलवे के जरिए लॉजिस्टिक्स बढ़ाने जैसी बातें शामिल हैं।
दरअसल, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य प्रभावित हुआ है, जो दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति का अहम मार्ग माना जाता है। इससे कच्चे तेल की कीमतों में तेजी, रुपये पर दबाव और भारत के विदेशी मुद्रा भंडार पर बड़ा असर देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ दिनों में देश में रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतें बढ़ी हैं।