
Sanjay Raut onMLA Murder Plot: महाराष्ट्र की राजनीति में 2022 में हुई शिवसेना की बगावत फिर चर्चा में है। एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना के नेता और राज्य के सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट के इस बयान के बाद कि सूरत से लौट रहे एक विधायक का 'राम नाम सत्य' हो सकता था, अब शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने गंभीर आरोप लगाए हैं। राउत का दावा है कि सूरत गए तीन विधायकों की हत्या करने की साजिश रची गई थी। इनमें से एक विधायक को इंजेक्शन देकर मारने और दूसरे पर ट्रक चढ़ाने की योजना थी। उनके इस बयान से महाराष्ट्र की सियासत में हलचल मच गई है।
मीडिया से बातचीत के दौरान संजय राउत ने दावा किया कि 2022 में एकनाथ शिंदे की बगावत के दौरान सूरत गए तीन विधायकों की जान को खतरा था। उन्होंने इन विधायकों के नाम भी बताए। राउत के मुताबिक, इनमें मौजूदा मंत्री प्रकाश आबिटकर, नितीन देशमुख और कैलास पाटील शामिल थे।
राउत ने दावा किया कि प्रकाश आबिटकर ने शुरुआत में सूरत से वापस लौटने का फैसला किया था, लेकिन उन पर दबाव बनाया गया और उन्हें वहीं रोक लिया गया। वहीं, अकोला के विधायक नितीन देशमुख का ऐसा उपचार किया गया, जिससे उन्हें दिल का दौरा पड़ने की आशंका पैदा हो सकती थी। उन्हें इंजेक्शन भी दिए गए थे।
राज्य सभा सांसद संजय राउत ने दावा किया कि धाराशिव के विधायक कैलास पाटील भी सूरत से निकलकर महाराष्ट्र लौटने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान उनके ऊपर ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया गया था। इसके बावजूद कैलास पाटील कई किलोमीटर पैदल चलकर वहां से निकलने में सफल रहे।
राउत ने कहा कि अकोला के विधायक नितीन देशमुख ने भी संघर्ष करके सूरत से निकलने में सफलता हासिल की थी। इन तीनों विधायकों की जान को खतरा था, जबकि बाकी विधायकों को भी जबरन रोककर रखा गया था।
दरअसल, विवाद की शुरुआत सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट के एक पॉडकास्ट में दिए गए बयान से हुई। उन्होंने 2022 में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में हुई शिवसेना की बगावत का एक किस्सा सुनाते हुए कहा था कि सूरत जाते समय एक विधायक रास्ते से वापस लौटना चाहता था। अगर उसे जाने नहीं दिया जाता और स्थिति बिगड़ जाती, तो उसका 'राम नाम सत्य' हो सकता था।
शिरसाट के इस बयान के बाद शिवसेना (UBT) के विधायक कैलास पाटील ने सामने आकर कहा था कि वह खुद सूरत से वापस लौटे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस पूरे मामले की जांच कराने की मांग भी की थी।
गौरतलब है कि जून 2022 में शिवसेना की बगावत के दौरान नितीन देशमुख ने सूरत के एक अस्पताल में जबरन भर्ती कराए जाने और उनकी इच्छा के विरुद्ध इंजेक्शन दिए जाने का आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया था कि उन्हें दिल का दौरा पड़ने की बात कही गई, जबकि उन्हें ऐसी कोई परेशानी नहीं थी।
वहीं, कैलास पाटील ने बताया था कि वह सूरत जाने वाले विधायकों के वाहन से निकलकर कई किलोमीटर पैदल चले थे और फिर अलग-अलग वाहनों से महाराष्ट्र पहुंचे थे। पाटील ने बताया कि वह एक दूसरे फोन नंबर के जरिये उद्धव के संपर्क में लगातार थे।
इस पूरे विवाद के बीच शिरसाट ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा था कि उनका किसी विधायक को नुकसान पहुंचाने का इरादा नहीं था। वह बस यह बताना चाहते थे कि उस समय हालात तनावपूर्ण थे और कुछ भी हो सकता था।
बता दें कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना में 2022 में हुई बगावत से राज्य की उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली तत्कालीन महा विकास आघाडी (एमवीए) सरकार गिर गई थी। इसके बाद शिंदे भाजपा (BJP) के समर्थन से मुख्यमंत्री बने थे। उन्हें शिवसेना के अधिकांश विधायकों का समर्थन हासिल था।