
Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की राजनीति में दल-बदल और विपक्षी नेताओं के पाला बदलने की चर्चाओं के बीच शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने भाजपा (BJP) पर तीखा हमला बोला है। राउत ने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्षी दलों को तोड़ने की ‘नशा’ में काम कर रही है और सत्ता के दम पर विपक्षी दलों को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने भी विपक्ष को कमजोर करने के प्रयासों को लोकतंत्र के लिए खतरा बताया।
मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए संजय राउत ने कहा कि भाजपा का पूरा ध्यान विपक्षी दलों में फूट डालने पर है। इसके लिए केंद्रीय एजेंसियों और पैसों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "उन्हें पार्टियां तोड़ने का ऐसा नशा चढ़ गया है कि वे किसी को नहीं छोड़ेंगे। एक दिन ऐसा आएगा कि जब कोई दल नहीं बचेगा तो वे अपनी ही पार्टी तोड़ देंगे।" राउत ने आगे दावा किया कि भाजपा की ताकत केवल सत्ता तक सीमित है और सत्ता जाने के बाद पार्टी बंट जाएगी।
संजय राउत ने कहा, "मैं पहले भी कह चुका हूं कि जिस दिन भाजपा सत्ता से बाहर होगी और केंद्रीय जांच एजेंसियां हमारे नियंत्रण में होंगी, उस दिन भाजपा 10 मिनट के भीतर 10 टुकड़ों में बंट जाएगी।" उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने और विपक्ष को कमजोर करने के लिए किया जा रहा है।
उद्धव ठाकरे के करीबी सहयोगी राउत ने कहा, "इन लोगों को विपक्षी दलों को नेताओं को तोड़े बिना चैन नहीं मिलता, जिस दिन किसी को नहीं तोड़ते तो सो नहीं पाते। इन्होने लोकतंत्र को इतना गिरा दिया है कि आने वाले पीढ़ी को ऐसा बताना पड़ेगा कि देश में कभी लोकतंत्र था। बस एक घंटे के लिए ईडी और सीबीआई हमे दे दो, सत्तारूढ़ से कोई नहीं बचेगा, न भाजपा, न शिवसेना शिंदे गुट और न ही सुनेत्रा पवार एनसीपी बचेगी। बहुत आसान है तोड़ना।"
एनसीपी (शरद पवार गुट) के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि विपक्ष के नेताओं को लगातार अपनी पार्टी में शामिल करना ही उद्देश्य है, तो एक बार में सभी विपक्षी सांसदों और विधायकों को शामिल कर लिया जाए।
उन्होंने कहा, "बार-बार ऐसे 'ऑपरेशन' चलाने की क्या जरूरत है? जनता सब देख रही है और उसे यह सब पसंद नहीं आ रहा। आने वाले समय में इसका परिणाम जरूर देखने को मिलेगा।"
शरद गुट के वरिष्ठ नेता शशिकांत शिंदे ने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत रह सकता है, जब सत्ता के सामने मजबूत विपक्ष मौजूद हो। अगर पूरे विपक्ष को खत्म कर हुकूमशाही लाने की कोशिश की जाएगी, तो भविष्य में हालात आज से भी ज्यादा गंभीर हो सकते हैं।"
हाल के दिनों में उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) के कई सांसदों और विधायकों के पाला बदलने के बाद अब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) में ‘ऑपरेशन तुतारी’ को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। ऐसे समय में संजय राउत और शशिकांत शिंदे के बयान ने राजनीतिक माहौल को और अधिक गर्म कर दिया है। हालांकि भाजपा की ओर से इन आरोपों पर अभी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।