मुंबई

Mumbai Local Train: यात्रियों के लिए खुशखबरी! मुंबई लोकल ट्रेन रूट पर बनेंगे 7 नए स्टेशन

Mumbai Local Train New Stations : विरार-डहाणू मार्ग को चौगुना करना और नये स्टेशनों का निर्माण कार्य चल रहा है।
2 min read
Sep 30, 2025
Mumbai Local Train update
मुंबई लोकल ट्रेन (Photo: IANS/File)

मुंबई लोकल ट्रेन को मायानगरी की लाइफलाइन कहा जाता है। हर दिन लाखों लोग लोकल ट्रेन से सफर करते है। ऐसे में पश्चिम रेलवे (Western Line) की उपनगरीय ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर आई है। आने वाले दो वर्षों में विरार-डहाणू मार्ग पर सात नए स्टेशन बनाए जाएंगे, जिससे यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी।

मुंबई रेल विकास निगम (MRVC) इस परियोजना को अमल में ला रहा है और इसे तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, जून 2027 तक यह काम पूरा कर लिया जाएगा। इस पूरे प्रोजेक्ट पर लगभग 3,578 करोड़ रुपये का खर्च अनुमानित है। इसमें 64 किलोमीटर लंबे विरार-डहाणू खंड को चौगुना करना भी शामिल है।

विरार-डहाणू मार्ग पर बनेंगे ये नए स्टेशन

विरार-डहाणू मार्ग को चौगुना करने और सात नए स्टेशन बनाने की इस परियोजना की अनुमानित लागत 3578 करोड़ रुपये है। वर्तमान में इस रूट पर केवल 9 स्टेशन हैं, जिसमें वैतरणा, सफाले, केलवे रोड, पालघर, उमरोली, बोईसर और वाणगांव। यात्रियों की बढ़ती संख्या और लंबे समय से नए ठहराव की मांग को देखते हुए सात और स्टेशन जोड़े जा रहे हैं। इनमें वाधीव, सरतोडी, माकूणसर, चिंतुपाड़ा, पांचाली, वांजरवाड़ा और बीएसईएस कॉलोनी शामिल हैं।

41 प्रतिशत काम पूरा

अधिकारियों के मुताबिक, अभी तक 41 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और जिन स्थानों पर नए स्टेशन बनने हैं, वहां तकनीकी निर्माण कार्य शुरू हो गया है। अधिकारियों ने बताया कि विरार-डहाणू लाइन पर सात नए स्टेशनों के निर्माण का काम अगले दो वर्षों में जून 2027 तक पूरा हो जाएगा।

यह पहला मौका है जब मुंबई उपनगरीय रेल नेटवर्क पर इतनी बड़ी संख्या में नए स्टेशन बनाए जा रहे हैं। लोकल यात्रियों का मानना है कि नए स्टेशनों के बनने से पालघर से डहाणू तक का सफर आसान और आरामदायक होगा। न सिर्फ समय की बचत होगी बल्कि यात्रियों का दबाव भी बंटेगा और लोकल ट्रेनों में भीड़ कम होगी।

Published on:
30 Sept 2025 07:54 pm