मुंबई

‘2019 में NDA में आते तो 2022 में राष्ट्रपति बनते शरद पवार’, केंद्रीय मंत्री का दावा; फडणवीस बोले- वे कभी नहीं रुकेंगे

Maharashtra Politics: केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने दावा किया कि 2019 में अगर शरद पवार भाजपा नीत NDA में शामिल होते तो 2022 में राष्ट्रपति बन सकते थे। वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वरिष्ठ नेता के रिटायरमेंट की अटकलों पर प्रतिक्रिया दी है।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 4:35 PM IST
Devendra Fadnavis Sharad Pawar retirement
शरद पवार की सेवानिवृत्ति पर सीएम देवेंद्र फडणवीस का बड़ा बयान (Photo: IANS/File)

Sharad Pawar News: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार को लेकर महाराष्ट्र की सियासत में इन दिनों कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। एक तरफ उनकी पार्टी के सुनेत्रा पवार नीत एनसीपी के साथ विलय और एनडीए में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं, तो दूसरी तरफ उनके राजनीति से संन्यास लेने की चर्चाएं भी तेज हैं। इस बीच केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (RPI) के प्रमुख रामदास आठवले ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि अगर शरद पवार 2019 में एनडीए के साथ आ गए होते, तो 2022 में देश के राष्ट्रपति बन सकते थे। वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शरद पवार के राजनीतिक संन्यास की चर्चाओं को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि वे जिंदगी में कभी नहीं रुकेंगे।

2019 में NDA में आते तो आज राष्ट्रपति होते शरद पवार- आठवले

रामदास आठवले ने शरद पवार के एनडीए में शामिल होने की संभावनाओं पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने कई बार पवार को एनडीए के साथ आने का सुझाव दिया था। अगर शरद पवार ने 2019 में यह फैसला लिया होता, तो 2022 में उन्हें देश का राष्ट्रपति बनाया जा सकता था।

आठवले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शरद पवार के बीच अच्छे संबंध हैं। उन्होंने कहा कि अजित पवार ने भी शरद पवार से एनडीए में शामिल होने की अपील की थी, लेकिन उन्होंने यह प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया। आठवले ने यह भी स्पष्ट किया कि शरद पवार फिलहाल एनडीए में शामिल होने के इच्छुक नहीं हैं और वे कई बार अपनी भूमिका स्पष्ट कर चुके हैं।

अजित दादा होते तो... विलय पर केंद्रीय मंत्री ने क्या कहा?

रामदास आठवले ने दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस गुटों के एक होने की संभावनाओं पर भी बात की। उन्होंने कहा कि अगर अजित पवार आज जीवित होते, तो दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस के विलय पर फैसला हो सकता था।

हालांकि, अजित पवार के निधन के बाद दोनों गुटों के एक होने की संभावना को लेकर कुछ भी कहना मुश्किल है। आठवले ने कहा कि शरद पवार एनडीए में आने के लिए तैयार नहीं हैं। यदि वे एनडीए में शामिल होने का फैसला करते हैं, तो दोनों गुटों के एक होने में भी कोई बड़ी परेशानी नहीं होगी।

शरद पवार कभी रिटायर नहीं होंगे, वे लगातार काम करते रहेंगे: फडणवीस

दूसरी तरफ, शरद पवार के राजनीतिक संन्यास की चर्चाओं पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी प्रतिक्रिया दी है। मंगलवार को नागपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि शरद पवार स्वास्थ्य अच्छा रहे, यह सभी की इच्छा है। वे आज भी सक्रिय हैं और लगातार अलग-अलग परियोजनाओं और कामों में रुचि लेते रहते हैं।

फडणवीस ने कहा, ''मैंने शरद पवार को करीब से देखा है। वे आज भी सक्रिय हैं। वे लगातार अलग-अलग परियोजनाओं और कामों में रुचि लेते रहते हैं। इसलिए उनके संन्यास की चर्चा करना सही नहीं है। वे अपनी जिंदगी में कभी नहीं रुकेंगे। मेरा विश्वास है कि वे लगातार कुछ न कुछ अच्छा काम करते रहेंगे।''

12 दिसंबर को संन्यास लेने की चर्चाओं ने पकड़ा जोर

दरअसल, शरद पवार के स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव और आगामी 12 दिसंबर को उनके जन्मदिन के मद्देनजर उनके राजनीतिक संन्यास को लेकर कयास लगाये जा रहे हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि वे अपने जन्मदिन पर राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा कर सकते हैं। इसके साथ ही एनसीपी के एकजुट होने पर भी फैसला हो सकता है। हालांकि, शरद पवार की बेटी व एनसीपी एसपी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने इन अटकलों को खारिज किया है।

Updated on:
24 Nov 2026, 4:35 PM IST
Published on: