एकनाथ शिंदे की शिवसेना के विधायक महेंद्र दलवी ने कहा, इस मामले से मेरा कोई लेना-देना नहीं है। मैं उद्धव गुट के नेता को खुली चुनौती देता हूं। वह सबूत दें, मैं इस्तीफा देने के लिए तैयार हूं।
शिवसेना (उद्धव ठाकरे) के वरिष्ठ नेता अंबादास दानवे (Ambadas Danve Cash Video) ने आज सुबह एक बड़ा सियासी धमाका कर दिया। दानवे ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर तीन वीडियो शेयर किए हैं। इन वीडियो के साथ की गई पोस्ट में उन्होंने सीधे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को टैग करते हुए तीखे सवाल पूछे हैं।
वर्तमान में महाराष्ट्र विधानमंडल का शीतकालीन सत्र नागपुर में चल रहा है। इस बीच, ठाकरे की शिवसेना (उबाठा) द्वारा ये वीडियो शेयर किए जाने से महाराष्ट्र की राजनीति गरमा गई है। महाविकास अघाड़ी (MVA) यह मुद्दा सदन में भी जोर-शोर से उठा सकती हैं और सत्ता पक्ष को जवाब देना पड़ सकता है।
महाराष्ट्र विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष रहे अंबादास दानवे ने मंगलवार सुबह करीब 7 बजे यह सनसनीखेज वीडियो साझा किए। उन्होंने इस पोस्ट में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और महाराष्ट्र बीजेपी को टैग किया है।
दानवे ने अप्रत्यक्ष रूप से दावा किया है कि वीडियो में सत्तारूढ़ पक्ष के विधायक नोटों के बंडलों के साथ दिख रहे हैं। अपने पोस्ट में उन्होंने सत्तारूढ़ महायुति पर निशाना साधते हुए लिखा, "इस सरकार के पास सिर्फ किसान कर्जमाफी के लिए पैसा नहीं है। बाकी सब ओके है! जनता को जरा बताएं मुख्यमंत्री फडणवीस और शिंदे जी, ये विधायक कौन हैं? और पैसों के बंडल के साथ क्या कर रहे हैं?"
उद्धव गुट के नेता दानवे द्वारा साझा किए गए तीन वीडियो में से दो वीडियो में बड़ी मात्रा में नोटों के बंडल स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। वहीं, तीसरे वीडियो में एक व्यक्ति दिख रहा है जो एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना विधायक महेंद्र दलवी जैसा लग रहा है। ये तीनों वीडियो किसी दूसरे मोबाइल से शूट किए गए हैं, जो वीडियो कॉल के दौरान का बताया जा रहा है।
इस मामले पर शिवसेना (शिंदे गुट) विधायक महेंद्र दलवी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अंबादास दानवे को वीडियो ठीक से दिखाना चाहिए। पहले दो वीडियो में दिख रहे व्यक्ति कौन हैं, यह उन्हें बताना चाहिए।
दलवी ने आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा, "अंबादास दानवे वह वीडियो ठीक से दिखाएं। वह लाल रंग की टी-शर्ट पहने व्यक्ति कौन है, वह दिखाएं। अगर मैं हुआ तो विधायक पद से इस्तीफा दे दूंगा। ब्लैकमेल करना अंबादास दानवे का धंधा है। अब उनके पास कोई काम नहीं है। मेरी उन वीडियो से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो मेरा नहीं है।"
उन्होंने आगे कहा कि दानवे को यह बताना चाहिए कि महेंद्र दलवी को बदनाम करने के लिए उन्हें किसने सुपारी दी है। मैं उन्हें खुली चुनौती देता हूं, इस मामले से मेरा संबंध हैं, इसका सबूत दें। उन्हें अब अपनी पार्टी में कोई पूछता तक नहीं है।