
Maharashtra Pickup Accident: महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें सिद्धनाथ मंदिर के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक पिकअप टेम्पो सड़क किनारे स्थित गहरे कुएं में गिर गया। इस भीषण दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोगों को ग्रामीणों ने बचा लिया। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुर्घटना में आठ लोगों की मौत पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा शाम करीब पांच बजे सातारा-सोलापुर मार्ग पर मालशिरस तहसील में तंदुलवाड़ी गांव के पास हुआ। श्रद्धालुओं से भरा पिकअप सिद्धनाथ के दर्शन कर लौट रहा था। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और पिकअप सीधे सड़क किनारे मौजूद कुएं में जा गिरा।
हादसे के वक्त तंदुलवाड़ी निवासी इरफान मुजावर अपनी मोटरसाइकिल से उसी पिकअप के पीछे आ रहे थे। उन्होंने अपनी आंखों के सामने पिकअप को कुएं में गिरते देखा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तुरंत अन्य ग्रामीणों को फोन कर मदद मंगवाई और बिना समय गंवाए कुएं में छलांग लगा दी।
इरफान ने सबसे पहले पानी में डूब रहे एक छोटे बच्चे को बाहर निकाला। बच्चे के पेट में भरा पानी निकालकर उसकी जान बचाई। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों की मदद से दो छोटे बच्चों, एक महिला और दो पुरुषों को भी कुएं से बाहर निकाला। इस तरह अपनी जान की परवाह किये बिना इरफान ने कुल पांच जिंदगियां बचाई। वहीं दो अन्य पुरुष तैरकर खुद बाहर निकलने में सफल रहे।
हालांकि, पिकअप कुएं में उल्टा गिरने के कारण उसके अंदर फंसी महिलाओं और बच्चों को इरफान बचा नहीं सके। इस बात की कसक उनके दिल में है। इस दर्दनाक हादसे में चार बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हुई है, जबकि सात अन्य घायल हुए है। पुलिस ने बताया कि वाहन में 15 लोग सवार थे।
इस घटना ने पूरे सोलापुर जिले को झकझोर कर रख दिया है। लेकिन इस हादसे के बीच इरफान की बहादुरी की हर ओर चर्चा हो रही है। स्थानीय लोग उन्हें ‘देवदूत’ कह रहे हैं, जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना पांच लोगों की जान बचाने का साहसिक काम किया।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। सीएम फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि सोलापुर के तंदुलवाड़ी में हुई घटना बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली है। मैं मृतकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हम उनके परिवारों के दुख में शामिल हैं। राहत की बात है कि सात लोगों को बचा लिया गया है और उनका इलाज चल रहा है। जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए और हम स्थानीय प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं। इस घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों को राज्य सरकार 5 लाख रुपए की आर्थिक मदद देगी।