
महाराष्ट्र (Maharashtra News) के सोलापुर जिले (Solapur News) से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जिले के एक जिला परिषद स्कूल के प्रिंसिपल ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो मासूम बेटों की जान लेने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 41 वर्षीय योगेश पाटिल, उनकी पत्नी माधुरी पाटिल (37) और दो बेटों अथर्व (11) व शिवांश (9) के तौर पर हुई है। योगेश पाटिल नंदुरबार जिले में एक जिला परिषद स्कूल के प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत थे।
वैराग पुलिस स्टेशन के निरीक्षक कुंदन गावाड़े ने बताया कि घटनास्थल से 22 पन्नों का एक लेटर बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि योगेश पाटिल को शेयर बाजार (Stock Market Loss) में किए गए निवेश में भारी नुकसान हुआ था।
सुसाइड नोट में कथित तौर पर उल्लेख किया गया है कि शेयर बाजार में करीब 1.8 करोड़ रुपये का नुकसान होने के कारण योगेश गंभीर आर्थिक और मानसिक दबाव में था। पुलिस का मानना है कि इसी वजह से उन्होंने यह चरम कदम उठाया।
शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी प्रिंसिपल ने अपनी पत्नी और दोनों बेटों को मौत के घाट उतारने के लिए बेहद खौफनाक तरीका अपनाया। उसने परिवार को जो आइसक्रीम खाने के लिए दी थी, उसमें पहले जहर मिला दिया गया था। जहर वाली आइसक्रीम खाने से जब तीनों की हालत बिगड़ गई और वे बेसुध हो गए, तो आरोपी ने घर पर ही फंदे से लटक कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उधर, एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर से इलाके में शोक का माहौल है। पड़ोसी और परिचित इस घटना से स्तब्ध हैं।