10 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ममता शर्मसार: 5 दिन के नवजात की गला घोंटकर हत्या, आरोपी मां बोली- पहले से बेटी है, दूसरे बच्चे को नहीं संभाल सकती

Mother killed newborn son: नवी मुंबई में 23 वर्षीय महिला को अपने पांच दिन के नवजात बेटे की कथित हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह दूसरे बच्चे की परवरिश नहीं कर सकती थी।
2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Jun 11, 2026

Garbage picker saves newborn in Jaora in Ratlam

Garbage picker saves newborn (AI Image)

महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले की 23 वर्षीय महिला को अपने पांच दिन के नवजात बच्चे की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह चौंकाने वाली घटना नवी मुंबई के तुर्भे पुलिस थाना क्षेत्र में सामने आई है। आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि वह दूसरे बच्चे की परवरिश नहीं कर सकती थी, इसलिए उसने ऐसा अपराध किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला का नाम अश्विनी चंदनशिवे है। महिला पहले से 18 महीने की एक बेटी की मां है। उसने पूछताछ में दावा किया कि वह मानसिक रूप से परेशान थी और दूसरे बच्चे की जिम्मेदारी उठाने की स्थिति में नहीं थी।

सातवें महीने में पता चली थी प्रेग्नेंसी

तुर्भे पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, आरोपी महिला ने बताया कि जब उसे प्रेग्नेंसी का पता चला तो वह गर्भपात कराना चाहती थी। इसके लिए उसने डॉक्टर से संपर्क भी किया था, लेकिन डॉक्टर ने गर्भावस्था 28 सप्ताह से अधिक होने के कारण गर्भपात करने से इनकार कर दिया।

गौरतलब है कि मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी (एमटीपी) अधिनियम के तहत 24 सप्ताह के बाद गर्भपात केवल विशेष परिस्थितियों में और राज्य स्तरीय मेडिकल बोर्ड की मंजूरी के बाद ही किया जा सकता है।

प्रसव के लिए बुलढाणा से नवी मुंबई आई थी महिला

पुलिस जांच में सामने आया है कि बुलढाणा जिले के मलकापुर की रहने वाली अश्विनी चंदनशिवे पिछले महीने नवी मुंबई के खैराणे एमआईडीसी स्थित एक चॉल में अपनी ननद के पास रहने आई थी। उसका पति ट्रक चालक है और अक्सर काम के सिलसिले में बाहर रहता है।

महिला ने 3 जून को वाशी के एक नगर निगम अस्पताल में बेटे को जन्म दिया था। चार दिन बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

घर पहुंची ननद तो नवजात मिला अचेत

पुलिस के अनुसार, 8 जून की शाम जब महिला की ननद अश्विनी काम से घर लौटीं तो उन्होंने नवजात को कोई हरकत न करते हुए देखा। संदेह होने पर उन्होंने अपनी भाभी से पूछताछ की, जिसके बाद महिला ने कथित तौर पर बच्चे का गला दबाने की बात स्वीकार कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में ले लिया गया। मृतक नवजात के पिता उस समय नागपुर में माल की डिलीवरी के लिए गए हुए थे।

न्यायिक हिरासत में भेजी गई आरोपी

एक मां के इस कदम ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से पहले उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया। बाद में अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।