
Baramati Someshwar Sugar Factory Election: पुणे जिले के बारामती स्थित सोमेश्वर सहकारी चीनी मिल के चुनाव में बड़ा राजनीतिक मोड़ सामने आया है। मिल के मौजूदा अध्यक्ष पुरुषोत्तम जगताप ने राष्ट्रवादी कांग्रेस (NCP) के रुख से अलग हटते हुए स्वतंत्र पैनल के साथ चुनाव लड़ने की घोषणा की है। उन्होंने ‘जननेता अजितदादा सोमेश्वर विकास पैनल’ के गठन का ऐलान किया है। इस पैनल को पुरंदर के पूर्व भाजपा (BJP) विधायक संजय जगताप समेत कुछ स्थानीय नेताओं का समर्थन मिल रहा है।
बारामती के वानेवाड़ी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पुरुषोत्तम जगताप ने अपना रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि उनकी भूमिका पार्टी से अलग रहकर चुनाव लड़ने की है और किसान ही उनका असली दल है। सहकारी चीनी मिल किसानों की आजीविका से जुड़ी संस्था है, इसलिए इसके निदेशक मंडल में ऐसे लोगों को होना चाहिए जो बिना स्वार्थ के मिल को चलाने की क्षमता रखते हों।
पुरुषोत्तम जगताप ने कहा कि सहकारी संस्था में राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के प्रति सम्मान जताते हुए कहा कि सोमेश्वर मिल को देश में नंबर एक बनाने और किसानों का आर्थिक स्तर ऊंचा उठाने का उनका सपना था। जगताप ने कहा कि इस सपने को पूरा करने के लिए वह आगे भी काम करते रहेंगे।
जगताप ने यह भी कहा कि उन्होंने संजय जगताप, सुदाम इंगले और माणिकराव झेंडे से चर्चा के बाद आगे की रणनीति तय की है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी पर व्यक्तिगत टिप्पणी करना नहीं, बल्कि मिल के कामकाज और किसानों के हित को लेकर आगे बढ़ना है।
पुरुषोत्तम जगताप लंबे समय तक अजित पवार के वफादार सहयोगी रहे है और एनसीपी के साथ रहे हैं। ऐसे में उनका स्वतंत्र पैनल बनाने का फैसला सोमेश्वर मिल के चुनाव में नया मोड़ लाने वाला है। इससे सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाले एनसीपी गुट के सामने अलग राजनीतिक समीकरण बन गया है।
सोमेश्वर मिल के चुनाव में पहले से ही कई राजनीतिक गुट सक्रिय हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस के दोनों गुटों, भाजपा, शिवसेना के दोनों गुटों और निर्दलीय उम्मीदवारों के कारण चुनाव का मुकाबला बहुकोणीय बना हुआ है। 21 निदेशक पदों के लिए जांच के बाद 514 उम्मीदवार मैदान में थे। उम्मीदवारों के नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 30 सितंबर है।
इस बीच, एनसीपी की ओर से अजित पवार के नाम और तस्वीर के इस्तेमाल को लेकर भी पत्र जारी किया गया था। इसके बाद पुरुषोत्तम जगताप के सम्मेलन में लगाए गए अजित पवार के चित्र वाले बैनर को हटा दिया गया।
अब जगताप के नए पैनल के नाम में अजित पवार का नाम शामिल होने के बाद इस मुद्दे पर राष्ट्रवादी कांग्रेस की आगे की भूमिका पर भी नजर है।
सोमेश्वर सहकारी चीनी मिल के चुनाव में नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 30 सितंबर है। अंतिम उम्मीदवार सूची और चुनाव चिह्नों का आवंटन 2 अक्टूबर को होगा। मतदान 11 अक्टूबर को और मतगणना 12 अक्टूबर को निर्धारित है।