मुंबई

‘अजित दादा दरियादिल थे, मैं नहीं’, भाजपा से हाथ मिलाने वाले बागी नेता को सुनेत्रा पवार की चेतावनी

Maharashtra Politics: बारामती की प्रतिष्ठित सोमेश्वर सहकारी चीनी मिल चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबला तय हो गया है। एनसीपी सुनेत्रा पवार, शरद पवार गुट और भाजपा समर्थित पुरुषोत्तम जगताप के पैनल आमने-सामने हैं। चुनाव प्रचार के बीच सुनेत्रा पवार ने बड़ा बयान दिया है।
2 min read
• •
Oct 07, 2026
Sunetra Pawar NCP
बागी नेता को सुनेत्रा पवार की दोटूक चेतावनी (Photo: IANS)

Baramati Someshwar Sugar Factory Election: कद्दावर नेता अजित पवार के निधन के बाद पुणे जिले के बारामती स्थित सोमेश्वर सहकारी चीनी मिल का पहला चुनाव दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है। मतदान में चंद दिन रह गए है, जिस वजह से प्रचार अपने चरम पर पहुंच गया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के भीतर बगावत के बाद अलग पैनल बनाकर चुनाव लड़ रहे पुरुषोत्तम जगताप को लेकर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने बिना नाम लिए सख्त संदेश दिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से अफवाहों पर भरोसा नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनके पति और दिवंगत नेता अजित पवार दरियादिल थे, लेकिन वह उनके जैसी नहीं हैं।

सुनेत्रा पवार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो लोग यह सोच रहे हैं कि चुनाव के बाद सब कुछ पहले जैसा हो जाएगा, वे गलतफहमी में न रहें। उन्होंने कहा, "दादा (अजित पवार) बहुत बड़े दिल के थे, लेकिन मैं दादा जैसी नहीं हूं। एक बार जो बाहर गया, वह हमेशा के लिए बाहर हो गया, यह बात याद रखें।"

उनके इस बयान को पुरुषोत्तम जगताप की बगावत के संदर्भ में देखा जा रहा है। जगताप ने भाजपा (BJP) के समर्थन से अलग पैनल मैदान में उतारा है।

अफवाहों पर न दें ध्यान, चुनाव के बाद तय होगा चेयरमैन

सुनेत्रा पवार ने कहा कि सभी के आपस में अच्छे संबंध रहे हैं, लेकिन चुनाव के दौरान कई तरह की अफवाहें चल रही हैं। उन्होंने समर्थकों से ऐसी अफवाहों पर विश्वास नहीं करने को कहा।

उन्होंने कहा, “कई गलत अफवाहें सुनने को मिल रही हैं। किसी भी अफवाह का शिकार न बनें। एक बार बाहर गए तो हमेशा के लिए बाहर, इतना याद रखें। दादा बहुत बड़े दिल वाले थे, मैं दादा जैसी नहीं हूं। मुझ पर विश्वास रखें।”

सोमेश्वर चीनी मिल के अध्यक्ष (चेयरमैन) पद को लेकर चल रही चर्चाओं पर सुनेत्रा पवार ने कहा कि अध्यक्ष का चयन सभी को साथ लेकर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी किसी व्यक्ति का नाम पहले से तय नहीं है और चुनाव परिणाम आने के बाद ही अध्यक्ष के बारे में फैसला किया जाएगा।

भाजपा ‘बागी’ के साथ मैदान में, त्रिकोणीय हुआ मुकाबला

सोमेश्वर सहकारी चीनी मिल के चुनाव में इस बार तीन पैनल मैदान में हैं। एक तरफ सुनेत्रा पवार और उनके सांसद बेटे जय पवार के नेतृत्व में एनसीपी समर्थित पैनल है। दूसरी तरफ शरद पवार गुट से युगेंद्र पवार के नेतृत्व वाला पैनल चुनाव लड़ रहा है। वहीं, सुनेत्रा पवार नीत एनसीपी से बगावत करने वाले पुरुषोत्तम जगताप ने भाजपा के समर्थन से अलग पैनल खड़ा किया है।

पुरुषोत्तम जगताप के पैनल को ‘जननेता अजितदादा सोमेश्वर विकास पैनल’ नाम दिया गया है, जबकि सुनेत्रा पवार के समर्थित पैनल का नाम ‘श्री सोमेश्वर विकासपुरुष अजितदादा पैनल’ है। इससे चुनाव में अजित पवार के नाम और राजनीतिक विरासत को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

9 को थमेगा प्रचार, 11 अक्टूबर को मतदान

सोमेश्वर चीनी मिल चुनाव के प्रचार के अब सिर्फ दो दिन बाकी हैं। इसी वजह से सभी पैनल ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। सुनेत्रा पवार और जय पवार गांव-गांव जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। वहीं, शरद पवार गुट की ओर से युगेंद्र पवार भी लगातार दौरे और बैठकें कर रहे हैं।

पुरुषोत्तम जगताप और भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक संजय जगताप भी अपने पैनल के लिए प्रचार में जुटे हैं। इस चुनाव में बड़ी सार्वजनिक सभाओं के बजाय घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने और व्यक्तिगत मुलाकातों पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है।

सोमेश्वर सहकारी चीनी मिल के चुनाव के लिए 9 अक्टूबर को प्रचार अभियान समाप्त हो जाएगा। इसके बाद 11 अक्टूबर को 21 सीटों के लिए मतदान होगा।

Updated on:
07 Oct 2026 04:40 pm
Published on:
07 Oct 2026 04:35 pm