
Supriya Sule vs Rohit Pawar: शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के भीतर आंतरिक मतभेद एक बार फिर खुलकर सामने आने की चर्चा है। गुरुवार को राज्य में सूखे के कारण किसानों पर पड़ रहे प्रभाव पर चर्चा के लिए बुलाई गई पार्टी की अहम बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले और विधायक रोहित पवार के बीच तीखी बहस होने की खबर है। बताया जा रहा है कि विदर्भ में रोहित पवार की ओर से बिना पार्टी नेतृत्व से चर्चा किए ट्रैक्टर रैली का ऐलान करने और आंदोलन में पार्टी के नाम व चुनाव चिह्न का इस्तेमाल नहीं करने के फैसले से सुप्रिया सुले नाराज थीं।
'हिंदुस्तान टाइम्स' ने बैठक में मौजूद लोगों के हवाले से बताया कि सुप्रिया सुले ने स्पष्ट किया कि पार्टी के बैनर तले किसी भी आंदोलन या राजनीतिक कार्यक्रम की योजना बनाने से पहले शीर्ष नेतृत्व की अनुमति लेना जरूरी है। उन्होंने रोहित पवार के एकतरफा फैसले पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई।
दरअसल, 22 नवंबर को एनसीपी (एसपी) नेता रोहित पवार ने विदर्भ के जिला और शहर अध्यक्षों की बैठक बुलाई थी। इस बैठक में उन्होंने सूखे की वजह से किसानों को हो रही परेशानियों और उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए 4 दिसंबर से छह दिवसीय ट्रैक्टर मार्च निकालने का ऐलान किया था। यह मार्च बुलढाणा से शुरू होकर नागपुर तक पहुंचने वाला है।
बताया जा रहा है कि रोहित पवार ने इस आंदोलन की घोषणा से पहले सुप्रिया सुले और महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा नहीं की थी। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया था कि किसानों के इस आंदोलन में पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। उनका तर्क था कि किसानों के मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए और आंदोलन पूरी तरह किसानों की समस्याओं पर केंद्रित रहना चाहिए।
रोहित पवार के इस फैसले पर बैठक में सुप्रिया सुले ने कड़ी आपत्ति जताई। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने रोहित से सवाल किया कि पार्टी में किसी से चर्चा किए बिना इतना बड़ा फैसला कैसे लिया जा सकता है? उन्होंने यह भी पूछा कि पार्टी का नेता आंदोलन की योजना बनाते समय पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न को अलग कैसे रख सकता है?
इस पर रोहित पवार ने भी जवाब देते हुए सवाल किया कि यदि पार्टी नेतृत्व आंदोलन में शामिल होने वाले नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करेगा तो क्या होगा? दोनों नेताओं के बीच बहस बढ़ती देख वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल ने हस्तक्षेप किया और मामले को शांत कराया। उन्होंने बातचीत को संगठनात्मक अनुशासन और पार्टी की कार्यप्रणाली की ओर मोड़ने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि सुप्रिया सुले की नाराजगी के बावजूद रोहित पवार अपने फैसले पर कायम रहे। उनका मानना है कि आंदोलन में पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न का इस्तेमाल करने से विरोधियों को राजनीतिक हमला करने का मौका मिल सकता है। इसलिए वह चाहते हैं कि किसानों की समस्याओं को ही आंदोलन का मुख्य मुद्दा बनाया जाए।
सुप्रिया सुले और रोहित पवार के बीच राजनीतिक मुद्दों और सार्वजनिक बयानों को लेकर मतभेद पहली बार सामने नहीं आए हैं। इससे पहले भी दोनों के बीच अलग-अलग राजनीतिक रुख देखने को मिला है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री और एनसीपी के पूर्व अध्यक्ष अजित पवार की 28 जनवरी को विमान हादसे में हुई मौत के मामले में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर लगाए गए आरोपों से सुप्रिया सुले ने खुद को और पार्टी को अलग कर लिया था। इसके कुछ दिनों बाद पुणे में बढ़ते अपराध को देखते हुए सुप्रिया सुले ने फडणवीस से पुणे का पालकमंत्री पद संभालने की अपील की थी। हालांकि, रोहित पवार ने सार्वजनिक रूप से उनके इस रुख को 'विनाशकारी' करार दिया था।
रोहित पवार लगातार महाराष्ट्र की भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाते रहे हैं। पार्टी के भीतर भी कुछ नेताओं का मानना है कि उनका राजनीतिक झुकाव धीरे-धीरे कांग्रेस की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में सुप्रिया सुले के साथ उनकी ताजा तकरार को पार्टी के भीतर बढ़ती राजनीतिक खींचतान के तौर पर देखा जा रहा है।
शरद पवार के बाद पार्टी के बड़े फैसलों की जिम्मेदारी संभाल रहीं सुप्रिया सुले के नेतृत्व और रोहित पवार की स्वतंत्र राजनीतिक शैली के बीच यह टकराव आने वाले दिनों में एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की राजनीति में क्या मोड़ लेता है, इस पर सबकी नजरें रहेंगी।