मुंबई

Pune Accident: पिकअप से उतार रहे थे सामान, तभी ‘मौत’ बनकर आई स्विफ्ट कार, 8 लोगों की गई जान

Maharashtra Pune Accident : महाराष्ट्र के पुणे जिले में कार और पिकअप की जोरदार टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
2 min read
Jun 19, 2025
Maharashtra car Accident
महाराष्ट्र में सड़क हादसे में 4 लोगों ने गंवाई जान (Photo: IANS/File)

महाराष्ट्र (Maharashtra Accident) के पुणे जिले (Pune News) में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कम से कम चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह भयावह दुर्घटना जेजूरी-मोरगांव रोड पर बुधवार रात करीब सात बजे किर्लोस्कर कंपनी के पास हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक पिकअप ट्रक से कुछ सामान उतारने का काम चल रहा था। उसी दौरान जेजुरी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक स्विफ्ट कार ने पिकअप को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार और पिकअप दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 5 लोग कार सवार बताए जा रहे है।

हादसे में सात पुरुष और एक महिला की जान गई है। वहीं, एक पुरुष, एक महिला और दो छोटे बच्चों समेत कुल पांच लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज जेजुरी के शांताई अस्पताल में चल रहा है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जेजुरी ग्रामीण अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस ने मृतकों की पहचान सोमनाथ रामचंद्र वायसे (21), रामू संजीवनी यादव, अजय कुमार चौहान, अजित अशोक जाधव, किरण भारत राउत, अश्विनी संतोष एस.आर और अक्षय संजय राउत के तौर पर की है। जबकि एक अज्ञात पुरुष की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पीड़ितों को दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया। इस दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।

पुलिस के अनुसार, पुणे से मोरगांव की ओर जा रही स्विफ्ट डिजायर कार MH 42 AX 1060 ने जेजुरी के पास श्रीराम ढाबा के सामने एक पिकअप MH 12 XM 3694 को टक्कर मार दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की जांच जारी है।

गौरतलब है कि यह घटना जिले में हाल ही में हुई दूसरी बड़ी दुर्घटना है। इससे पहले, 15 जून को मावल तहसील में इंद्रायणी नदी पर बने लोहे के पुल के टूटने से चार लोगों की मौत हुई थी और लगभग 50 लोग घायल हुए थे।

Updated on:
19 Jun 2025 10:57 am
Published on:
19 Jun 2025 10:48 am