मुंबई

नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा पाकिस्तान, पहलगाम अटैक के बाद भारत पर 10 लाख साइबर हमले

पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में निर्दोष पर्यटकों पर हमला किया था। इस नृशंस हमले में 26 पर्यटकों की जान चली गई थी, जिनमें से 6 महाराष्ट्र के थे।

2 min read
May 01, 2025

पाकिस्तान को जब लगा कि वह भारत से सीधी लड़ाई लड़ने में असमर्थ है, तो उसने साइबर हमलों का सहारा लेना शुरू किया है। महाराष्ट्र साइबर विभाग की ताजा रिपोर्ट ‘शैडो ऑफ पहलगाम’ (Shadow of Pahalgam) में खुलासा हुआ है कि 23 अप्रैल से अब तक भारत पर करीब 10 लाख साइबर हमले किए जा चुके हैं। रिपोर्ट के अनुसार, यह केवल डिजिटल घुसपैठ नहीं बल्कि भारत के खिलाफ एक संगठित और सुनियोजित साइबर युद्ध है, जिसे मुख्य तौर पर पाकिस्तान में बैठे समूहों द्वारा ऑपरेट किया जा रहा है।

महाराष्ट्र साइबर पुलिस के एडीजी यशस्वी यादव ने बताया कि पहलगाम हमले के बाद साइबर हमलों में तेज़ी देखी गई है। उन्होंने कहा कि यह महज़ कुछ हैकरों की हरकत नहीं, बल्कि एक संघटित अभियान है, जो भारत के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को निशाना बना रहा है। इन हमलों में भारतीय सेना, स्कूल-कॉलेज, होटल, बैंकिंग सेक्टर और ई-गवर्नेंस पोर्टल जैसी संस्थाएं मुख्य रूप से निशाने पर हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, इस साइबर वार में शामिल समूहों में सबसे ऊपर नाम टीम इनसेन पीके (Team Insane PK) का है, जो एक पाकिस्तानी साइबर ग्रुप है। इस समूह ने सेना, होटलों और शैक्षणिक संस्थानों की वेबसाइटों पर हमले किए हैं। इसके अलावा मिस्ट्रियस टीम बांग्लादेश (MTBD) नाम का एक बांग्लादेशी समूह भी इसमें सक्रिय रूप से शामिल है, जिसने ई-गवर्नेंस पोर्टल्स और बैंकों को टारगेट किया है।

वहीं, इंडोनेशिया से इंडो हैक्स (Indo Hax) नामक समूह ने भारत के टेलीकॉम डाटा बेस और लोकल एडमिन पैनल को निशाना बनाया है। इन सभी समूहों के बीच आपसी तालमेल है और ये मिलकर भारत की साइबर सुरक्षा को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।

यशस्वी यादव ने बताया कि साइबर हमले मुख्य रूप से उन वेबसाइट्स पर हुए हैं जो भारत के क्रिटिकल इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी हैं, जैसे कि रेलवे, बैंकिंग सिस्टम और सरकारी पोर्टल्स। जहां भी साइबर सुरक्षा के इंतजाम कमजोर हैं, वहां हैकर्स सफल भी हुए है। बीते आठ दिनों में दस लाख साइबर हमलों के बारे में पता चला है।

Updated on:
01 May 2025 08:20 pm
Published on:
01 May 2025 07:52 pm
Also Read
View All

अगली खबर