मुंबई

गणेशोत्सव 2026: ठाणे में भारी वाहनों की एंट्री बैन! 15 से 20 और 25 सितंबर के लिए गाइडलाइन जारी

Thane Traffic Restrictions: गणेशोत्सव 2026 के दौरान ठाणे में भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। 15, 18, 19, 20 और 25-26 सितंबर को विशेष ट्रैफिक पाबंदी लागू होगी।
2 min read
Sep 10, 2026
Thane Traffic Police
ठाणे में भारी वाहनों को नहीं मिलेगी एंट्री, इन तारीखों पर रहेगा विशेष ट्रैफिक प्रतिबंध (Photo: IANS/File)

Ganeshotsav 2026 Heavy Vehicles Ban in Thane: गणेशोत्सव 2026 के दौरान गणपति विसर्जन जुलूसों के चलते ठाणे शहर और आसपास के इलाकों में ठाणे पुलिस ने भारी और बड़े आकार के मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर विशेष प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। यह फैसला विसर्जन जुलूसों के दौरान ट्रैफिक जाम और भीड़भाड़ को नियंत्रित करने के लिए लिया गया है।

ठाणे पुलिस के अनुसार, 15, 18, 19 और 20 सितंबर को ऐसे वाहनों की एंट्री पर रात 12:01 बजे से विसर्जन जुलूस समाप्त होने तक रोक रहेगी। वाहन चालकों और परिवहन संचालकों को इस दौरान वैकल्पिक मार्ग और यात्रा समय की पहले से योजना बनाने की सलाह दी गई है।

अनंत चतुर्दशी पर 25-26 सितंबर को बड़ा प्रतिबंध

अनंत चतुर्दशी के मौके पर भी भारी और ओवरसाइज मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर विशेष पाबंदी रहेगी। यह प्रतिबंध 25 सितंबर की रात 12:01 बजे से 26 सितंबर दोपहर 12 बजे तक लागू रहेगा।

पुलिस ने वाहन संचालकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित अवधि को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं और जरूरी होने पर मालवाहक वाहनों की आवाजाही को निर्धारित समय के अनुसार ही रखें।

14 से 25 सितंबर तक सिर्फ रात में चल सकेंगे भारी वाहन

गणेशोत्सव के बाकी दिनों में भी भारी और बड़े आकार के मालवाहक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह सामान्य नहीं रहेगी। 14 से 25 सितंबर के बीच इन वाहनों को केवल रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक चलने की अनुमति होगी।

इसका मतलब है कि दिन के समय इन वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने और विसर्जन जुलूसों के दौरान किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाने को कहा है।

ठाणे पुलिस की अपील

गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु गणपति विसर्जन के लिए सड़कों पर उतरते हैं। ऐसे में भारी वाहनों की आवाजाही से जाम और सुरक्षा संबंधी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। इसी को देखते हुए पुलिस ने यह ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है।

वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे प्रतिबंधित समय में ठाणे की ओर भारी वाहन लेकर न निकलें, ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें और अपनी यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखें।

Updated on:
10 Sept 2026 05:11 pm
Published on:
10 Sept 2026 05:08 pm