
Maharashtra Politics: महाराष्ट्र में टीपू सुल्तान को लेकर एक बार फिर सियासी विवाद शुरू हो गया है। धाराशिव में भाजपा (BJP) के नगरसेवक विलास लोंढे के टीपू सुल्तान जयंती समारोह में शामिल होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस पूरे विवाद पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने भाजपा को घेरते हुए कहा कि केंद्र सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि टीपू सुल्तान वीर थे या देश के दुश्मन। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जानबूझकर इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं कर रही है, क्योंकि उसे यह विवाद बनाए रखना है।
राज्य सभा सांसद संजय राउत ने कहा कि टीपू सुल्तान और हिंदुत्व के बीच विवाद खड़ा करने के बजाय केंद्र सरकार को इस मुद्दे पर अपनी आधिकारिक भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को देश को बताना चाहिए कि वह टीपू सुल्तान को किस नजरिए से देखती है।
राउत ने कहा, टीपू सुल्तान अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ते हुए मारे गए थे। इसलिए देश में एक बड़ा वर्ग ऐसा है, जो उन्हें अपना नायक मानता है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर हिंदू-मुस्लिम विवाद खड़ा करना है या नहीं, यह अलग बात है, लेकिन सरकार को पहले अपना रुख साफ करना चाहिए।
संजय राउत ने सवाल उठाया कि आखिर टीपू सुल्तान को लेकर विवाद कितने समय तक चलता रहेगा? उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को एक बार स्पष्ट कर देना चाहिए कि टीपू सुल्तान अंग्रेजों के खिलाफ लड़ते हुए शहीद हुए वीर थे या देश के दुश्मन।
उन्होंने ऐतिहासिक घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई में महाराष्ट्र के कुछ सरदारों की सेनाएं भी टीपू सुल्तान की मदद के लिए गई थीं। उस समय महाराष्ट्र के कुछ सरदारों ने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। राउत ने इस संदर्भ में सांगली के पटवर्धन सरदारों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जब तक अपनी आधिकारिक भूमिका घोषित नहीं करेगी, तब तक यह विवाद खत्म नहीं होगा। राउत ने कहा कि मौजूदा सरकार को भी यह विवाद जारी रखना है। देश और महाराष्ट्र में कई महत्वपूर्ण मुद्दे हैं, लेकिन उन्हें छोड़कर कब तक टीपू सुल्तान के नाम पर राजनीति होती रहेगी? इस विषय को अब खत्म किया जाना चाहिए।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र में टीपू सुल्तान की जयंती मनाने को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है। दो दिन पहले लातूर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टीपू सुल्तान की जयंती मनाई थी। इसे लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई और विरोध प्रदर्शन किया था।
कांग्रेस नेता अमित देशमुख के उस बयान पर भी भाजपा आपत्ति जताई थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि लोगों को टीपू सुल्तान के कामों और योगदान के बारे में जानकारी होनी चाहिए।
इसी बीच धाराशिव में भाजपा नगरसेवक (पार्षद) विलास लोंढे के टीपू सुल्तान जयंती समारोह में शामिल होने का वीडियो सामने आया। वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले ने नया राजनीतिक मोड़ ले लिया है। इस मामले पर विलास लोंढे ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दो टूक सवाल करते हुए कहा, ''टिपू सुल्तान की जयंती में शामिल हुआ, इसमें गलत क्या है?''
लोंढे ने कहा कि टिपू सुल्तान चौक उनके वार्ड में आता है। ऐसे में जयंती समारोह में शामिल होना उनका कर्तव्य था।
अब उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने इस विवाद को लेकर केंद्र सरकार से आधिकारिक रुख स्पष्ट करने की मांग की है।