
Navi Mumbai News: महाराष्ट्र में मानसून की भारी बारिश अब लोगों पर आफत बनकर टूट रही है। मुंबई और आस-पास के इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से आम जिंदगी पटरी से उतर गई है। इसी बीच, नवी मुंबई के पनवेल और ठाणे से दो दुखद हादसे सामने आए हैं, जिसने सबको हिलाकर रख दिया है।
रविवार को नवी मुंबई के पनवेल में पिकनिक मनाने गए दो दोस्तों के साथ बड़ा हादसा हो गया। यहां के मशहूर गाडेश्वर डैम में नहाने उतरे दो युवक पानी के तेज बहाव में बह गए। दरअसल, माथेरान की पहाड़ियों पर रुक-रुक कर हो रही भारी बारिश की वजह से डैम में पानी अचानक बहुत बढ़ गया था और करंट भी काफी तेज था।
इस खौफनाक हादसे का एक सीसीटीवी (CCTV) वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि दोनों लड़के पानी के तेज थपेड़ों के बीच तैरकर पार जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पानी का बहाव इतना खतरनाक था कि वे खुद को संभाल नहीं पाए। किनारे पर खड़े लोगों ने लाठी और डंडे के सहारे उन्हें खींचने की पूरी कोशिश की, लेकिन तेज करंट के आगे किसी की न चली। पुलिस और गोताखोरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू की। अभी तक एक लड़के की लाश मिल चुकी है, जबकि दूसरे की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
बारिश की वजह से दूसरा हादसा सोमवार को ठाणे के वागले एस्टेट इलाके में हुआ। यहां हुजुरी में ट्रांसपोर्ट ऑफिस के ठीक सामने एक बड़े पेड़ की भारी-भरकम डाल अचानक टूटकर गिर गई। इसकी चपेट में आने से एक आदमी बुरी तरह जख्मी हो गया। आस-पास के लोगों ने बिना देर किए घायल शख्स को पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।
मौसम विभाग (IMD) ने हालात को देखते हुए मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए 'रेड अलर्ट' जारी कर दिया है। अनुमान है कि अगले कुछ घंटों में यहां तूफानी हवाओं के साथ बहुत भारी बारिश हो सकती है। बढ़ते खतरे को देखते हुए बीएमसी (BMC) ने भी लोगों को चेतावनी दी है। प्रशासन ने साफ कहा है कि जब तक बहुत जरूरी न हो, घरों से बाहर न निकलें।