
Mumbai Local Train Fight: मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों में सफर के दौरान मामूली बातों पर गुस्सा भड़कना अब आम होता जा रहा है। परेल से अंबरनाथ जाने वाली एक लोकल ट्रेन में सफर कर रहे दो यात्रियों के बीच सीट और जगह को लेकर अचानक विवाद हो गया। देखते ही देखते यह बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच जमकर लात-घूंसे चलने लगे। इस खूनी झड़प में दोनों ही यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रेलवे पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना रात के करीब 12:30 बजे की है। परेल-अंबरनाथ लोकल ट्रेन के लगेज कंपार्टमेंट (सामान रखने वाले डिब्बे) में दो यात्री सफर कर रहे थे। ट्रेन जब अपनी रफ्तार में चल रही थी, तभी किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी ज्यादा बढ़ गई कि दोनों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया।
शुरुआती जानकारी में जहां दरांती जैसे धारदार हथियार से हमले की बात सामने आ रही थी, वहीं रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की शुरुआती जांच में एक अलग बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, हाथापाई के दौरान एक यात्री के हाथ में पहने भारी धातु के कड़े से दूसरे यात्री के सिर पर वार हो गया। सिर पर गहरी चोट लगने के कारण डिब्बे में ही खून फैल गया और दोनों लहूलुहान हो गए।
जैसे ही ट्रेन कल्याण स्टेशन पर रुकी, वहां तैनात आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला। दोनों घायल यात्रियों को ट्रेन से उतारकर स्ट्रेचर के जरिए तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए कल्याण के रुक्मिणीबाई अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, एक यात्री के सिर पर काफी गंभीर चोट आई है, जिसके चलते उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मुंबई के सायन अस्पताल रेफर कर दिया गया है। कल्याण जीआरपी ने इस मामले में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है।