मुंबई

Mumbai Local Train: खुशखबरी! मुंबई लोकल ट्रेन रूट पर दो नए स्टेशन, 10 नई सेवाओं की घोषणा

Mumbai Local Train: रेलवे बोर्ड ने उपनगरीय सेवाओं के लिए तारघर (Targhar) और गव्हाण (Ghavan) स्टेशनों पर ठहराव के प्रावधान को मंजूरी दे दी है।
2 min read
Dec 05, 2025
Mumbai Local Train News
मुंबई लोकल ट्रेन अपडेट (Photo: IANS/File)

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने मुंबई लोकल ट्रेन के हजारों यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी दी है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को उरण मार्ग (Uran Line) पर 10 अतिरिक्त उपनगरीय ट्रेन सेवाओं को मंजूरी देने की घोषणा की है, जिसे उन्होंने मुंबईवासियों के लिए खास तोहफा बताया है।

सीएम फडणवीस ने इस संबंध में रेल मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक पत्र को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा किया। उन्होंने लिखा, "मुंबई वालों के लिए एक खास तोहफा! मेरे अनुरोध पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव (Ashwini Vaishnaw) का नेरुल-उरण-नेरुल (4 ट्रिप) और बेलापुर-उरण-बेलापुर (6 ट्रिप) पर अतिरिक्त लोकल ट्रेन सेवाएं शुरू करने के लिए धन्यवाद।"

उन्होंने आगे कहा, "तारघर (Targhar) और गव्हाण (Gavhan) में स्टॉपेज की मंजूरी के लिए आभारी हूं, इससे यात्रियों को बहुत फायदा होगा और मुंबई वालों का रोजाना का सफर आसान हो जाएगा।"

भीड़ होगी कम, सफर होगा आसान

रेलवे बोर्ड ने 3 दिसंबर को पोर्ट लाइन (Port Line Route) पर कुल दस नई उपनगरीय सेवाओं को मंजूरी दी। इसके साथ ही तारघर और गव्हाण स्टेशनों पर ठहराव की भी अनुमति दी गई है। जबकि नेरुल-उरण-नेरुल के लिए चार और बेलापुर-उरण-बेलापुर के लिए छह नई लोकल ट्रेन सेवाओं को मंजूरी मिली है। इसके साथ ही यात्रियों की यह लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है।

यह फैसला उरण कॉरिडोर के तेजी से विकसित हो रहे आवासीय और औद्योगिक इलाकों के हजारों यात्रियों के लिए बहुत बड़ी राहत लेकर आया है। अब तक यहां लोगों को सड़क परिवहन पर निर्भर रहना पड़ता था। लेकिन अब अतिरिक्त सेवाओं और नए ठहरावों से न केवल सफर आरामदायक होगा, बल्कि भीड़भाड़ में कमी आएगी और नवी मुंबई (Navi Mumbai) तथा उरण के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को तेज यात्रा की सुविधा मिलेगी। सड़कों पर वाहनों की संख्या भी घटेगी।

Published on:
05 Dec 2025 05:50 pm