
यूट्यूबर परमवीर सिंह बेनीवाल ने किया अपनी कमाई का खुलासा। (फोटो सोर्स: instagram- @paramvir_beniwal)
Paramvir Beniwal YouTube Earnings: भारतीय यूट्यूबर और ट्रैवल व्लॉगर परमवीर सिंह बेनीवाल ने अपने लेटेस्ट वीडियो में बताया कि उन्होंने एक दिन में यूट्यूब से कितनी कमाई की। यह खुलासा तब हुआ जब वे लास वेगास के एक वायरल विवाद में फंस गए थे, जब कुछ लाइवस्ट्रीमर्स ने कथित तौर पर 7-Eleven में 12 डॉलर प्रति घंटे की नौकरी का ऑफर देकर उनका मजाक उड़ाया। तब परमवीर ने अपने तीन यूट्यूब चैनलों में से सिर्फ एक से हुई एक दिन की 3.03 लाख रुपये की कमाई दिखाई और तंज कसते हुए कहा, "क्या अभी भी नौकरी दे रहे हैं?" इसके साथ ही परमवीर ने इस घटना को भारतीयों के बारे में नस्लभेद वाली सोच से प्रेरित बताया और करारा जवाब हुए कहा, "आप मुझे हायर नहीं कर सकते।"
जिन लोगों ने उन्हें 7-Eleven में काम करने का सुझाव दिया था, उन पर तंज कसते हुए परमवीर ने अपने वीडियो में अपने 'संभावित बॉस' को संबोधित करते हुए कहा, "और, मेरे संभावित बॉस से, जो मुझे लगता है कि यह वीडियो भी देख रहे होंगे, यह रही कल की मेरी YouTube की कमाई।" उनकी स्क्रीन पर 4 सितंबर, 2026 के लिए 3,158.41 डॉलर (लगभग 3.03 लाख रुपये) की रकम दिखाई दे रही थी।
परमवीर ने आगे साफ किया कि यह रकम उनके तीन यूट्यूब चैनलों में से सिर्फ एक से आई थी। उन्होंने कहा, "मेरा यकीन मानिए, यह उस कमाई के आस-पास भी नहीं है जो मैं किसी बहुत अच्छे दिन कमाता हूं। क्या अभी भी नौकरी दे रहे हैं?"
बता दें कि अगर हर दिन 3.03 लाख रुपये की कमाई लगातार होती रहे, तो यह 30 दिनों में लगभग 91 लाख रुपये के बराबर होगी। हालांकि, यह सिर्फ एक दिन की बताई गई कमाई के आधार पर किया गया अनुमानित हिसाब है और इसे उनकी पक्की मासिक आय नहीं माना जाना चाहिए। परमवीर ने यह भी दावा किया कि जो रकम दिखाई गई, वह उनके तीन मुख्य YouTube चैनलों में से सिर्फ एक से कमाई गई थी।
YouTube पर परमवीर ने अपने कई चैनलों से अपनी अच्छी-खासी पहचान बनाई है। जानकारी के लिए बता दें उनके मुख्य चैनल, 'पैसेंजर परमवीर' (Passenger Paramvir) के लगभग 28 लाख (2.8 मिलियन) सब्सक्राइबर हैं और इस पर वो दुनिया भर से अपने ट्रैवल व्लॉग, अनुभव और खोज-बीन वाले वीडियो डालते हैं। वह 'पैसेंजरपरमवीर शॉर्ट्स' (PassengerParamvir Shorts) नाम का एक खास शॉर्ट्स चैनल भी चलाते हैं, जिसके लगभग 5.4 लाख (540,000) सब्सक्राइबर हैं, जबकि उनके नाम से बने एक और चैनल, 'परमवीर सिंह बेनीवाल' (Paramvir Singh Beniwal) के लगभग 65,800 सब्सक्राइबर हैं। इन सभी चैनलों के जरिए परमवीर अपना ट्रैवल कंटेंट लोगों तक पहुंचाते हैं और ऑनलाइन कमाई भी करते हैं।
परमवीर बेनीवाल का Las Vegas विवाद तब सामने आया, जब उनकी यात्रा के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में फ्रेमोंट स्ट्रीट पर लाइवस्ट्रीमिंग कर रहे दो लोग परमवीर के बारे में कथित तौर पर नस्लभेदी टिप्पणियां करते नजर आए। परमवीर के मुताबिक, उन्होंने इस घटना को वायरल नहीं किया था, बल्कि किसी दूसरे व्यक्ति ने वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसके बाद यह तेजी से फैल गया। उस समय परमवीर अलास्का में थे और वहां इंटरनेट कनेक्टिविटी कम होने की वजह से उन्हें इस बारे में तुरंत पता नहीं चला।
विवाद सामने आने के बाद परमवीर ने बताया कि उनकी टीम ने उन्हें जानकारी दी कि लाइवस्ट्रीम करने वाले व्यक्ति ने अपने अकाउंट से सभी संबंधित वीडियो डिलीट कर दिए हैं। उन्होंने इसका स्क्रीनशॉट भी शेयर किया और कहा कि शायद उस व्यक्ति को अपनी गलती का अंदाजा हो गया है। परमवीर ने यह भी स्पष्ट किया कि घटना के दौरान उन्हें शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि वह अपनी यात्राओं के जरिए अलग-अलग देशों की संस्कृति और लोगों को समझने के साथ भारतीयों से जुड़े बने-बनाए स्टीरियोटाइप को बदलना चाहते हैं।
Updated on:
29 Sept 2026 12:22 am
Published on:
29 Sept 2026 12:22 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
