मुंबई

मेहता सुधर जा वरना… प्रसिद्ध बिल्डर को छोटा शकील के नाम से धमकी, लिफाफे में भेजा जिंदा कारतूस

Builder Mehul Mehta Threat: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के बड़े बिल्डर मेहुल मेहता को अंडरवर्ल्ड से जान से मारने की धमकी दी गई है।

2 min read
Mar 12, 2026
मुंबई पुलिस (IANS/File Photo)

मुंबई के रियल एस्टेट जगत में उस वक्त सनसनी फैल गई जब अंधेरी के एक मशहूर बिल्डर मेहुल मेहता को अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील के नाम से जान से मारने की धमकी दी गई। यह धमकी एक पत्र के साथ जिंदा कारतूस भेजकर दी गई। इस घटना के बाद से बिल्डरों और व्यापारियों के बीच खौफ का माहौल है। वर्सोवा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें

बॉम्बे HC, शेयर बाजार और मेट्रो पर करेंगे मिसाइल अटैक! हाई अलर्ट पर मुंबई

सुरक्षा रक्षक को मिला संदिग्ध लिफाफा, खुला तो उड़े होश

घटना अंधेरी पश्चिम के चार बंगला इलाके की है, जहां मेहुल मेहता का मॉडल टाउन में एक बड़ा प्रोजेक्ट चल रहा है। जानकारी के अनुसार, बिल्डर मेहुल मेहता की गाड़ी की नंबर प्लेट के पास सुरक्षा रक्षक वैभव बावकर को एक लावारिस लिफाफा मिला। जब सुरक्षा रक्षक ने उस लिफाफे को खोला, तो उसके अंदर एक जिंदा कारतूस और धमकी भरा पत्र देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत इसकी सूचना मेहता को दी और फिर स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

‘कल ये तेरे सीने के अंदर होगा’

धमकी भरे पत्र में लिखा था, "मेहता सुधर जा, तुझे समझ में नहीं आ रहा, आज ये बाहर है (कारतूस), कल ये तेरे सीने के अंदर होगा... अल्लाह हाफिज, छोटा शकील।"

गौरतलब है कि मेहुल मेहता को पहले भी छोटा शकील के नाम से धमकियां मिल चुकी हैं, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया है। मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें अब इस मामले की जांच कर रही हैं कि क्या यह वाकई छोटा शकील गैंग का काम है या किसी ने उसके नाम का इस्तेमाल कर जबरन वसूली (Extortion) की कोशिश की है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि उस व्यक्ति की पहचान की जा सके जिसने गाड़ी के पास लिफाफा रखा था। पुलिस को प्राथमिक तौर पर यह वसूली का मामला लग रहा है, लेकिन अंडरवर्ल्ड का नाम आने की वजह से मेहुल मेहता की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Published on:
12 Mar 2026 03:15 pm
Also Read
View All

अगली खबर